रामानंद सागर का मशहूर टीवी सीरियल ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी इस समय गहरे दुख में हैं. उन्होंने अपने एक बेहद करीबी दोस्त को हमेशा के लिए खो दिया है. इस दुखद खबर की जानकारी खुद सुनील लहरी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ शेयर की. उनके पोस्ट के बाद फैंस और कई सोशल मीडिया यूजर्स दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और अभिनेता का हौसला बढ़ा रहे हैं.
सुनील लहरी के करीबी का निधन
सुनील लहरी ने बताया कि उनके दोस्त मयंक मुन्ना भाई जयंतिलाल व्यास का अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया. सबसे दुखद बात यह रही कि मयंक अपने ऑफिस में कुर्सी पर बैठे थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. उन्हें अस्पताल ले जाने का भी मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि
इस दुखद घटना पर भावुक होते हुए सुनील लहरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘श्रद्धांजलि एक नेक दिल दोस्त को. वह हमेशा लोगों की मदद करने के लिए तैयार रहते थे. वह सिर्फ मेरे ही नहीं, बल्कि अरुण गोविल जी और अरविंद त्रिवेदी जी के भी अच्छे मित्र थे. भगवान उनकी आत्मा को शांति दें.’
अपने दोस्त को याद कर हुए भावुक
वीडियो में भी सुनील लहरी अपने दोस्त को याद करते हुए भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि मयंक बेहद खुशमिजाज, ऊर्जावान और मददगार इंसान थे. खास बात यह थी कि वह कभी बीमार भी नहीं पड़े थे, इसलिए उनके अचानक चले जाने की खबर ने सभी को झकझोर दिया. सुनील ने कहा कि जिंदगी का कोई भरोसा नहीं होता, एक पल में सब कुछ बदल सकता है.
दोस्त संग बिताए खास पलों को किया याद
सुनील लहरी ने अपने दोस्त के साथ बिताए खास पलों की कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं. इन तस्वीरों में ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल और रावण की भूमिका निभाने वाले दिवंगत अरविंद त्रिवेदी भी नजर आ रहे हैं. इससे साफ है कि मयंक व्यास की इन कलाकारों से भी अच्छी दोस्ती थी.
फैंस ने की प्रार्थना
सुनील लहरी की पोस्ट सामने आने के बाद फैंस लगातार कमेंट कर रहे हैं. कई लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की, जबकि कई यूजर्स ने अभिनेता को इस मुश्किल समय में मजबूत बने रहने की सलाह दी.
वर्क फ्रंट पर सुनील लहरी
वर्क फ्रंट की बात करें तो सुनील लहरी लंबे समय से एक्टिंग से दूर हैं. इन दिनों वह अपने प्रोडक्शन हाउस का काम संभाल रहे हैं. इसके अलावा वह अपने फार्महाउस पर खेती भी करते हैं, जहां फल, सब्जियां और काजू जैसी फसलें उगाते हैं. सोशल मीडिया पर वह काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर ‘रामायण’ से जुड़े दिलचस्प किस्से और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं.