Fauzi Release Date: साउथ सुपरस्टार प्रभास की नई फिल्मों का इंतजार फैंस को बेसब्री से रहता है. इसी बीच प्रभास ने एक बार फिर अपने फैंस को सरप्राइज दिया है. अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रभास एक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी अपकमिंग फिल्म की जानकारी दी है. प्रभास ने अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म फौजी की रिलीज डेट बता दी है.
‘फौजी’ की रिलीज डेट
अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर करते हुए प्रभास ने लिखा, ‘अज्ञातपर्व का अंत. फौजी 3 दिसंबर 2026 को.’ इस पोस्ट के साथ प्रभास ने फिल्म की यूनिट और दिग्गज कलाकारों को भी टैग किया है. फिल्म की रिलीज डेट आते ही फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है.
फिल्म के बारे में
‘फौजी’ के नए पोस्टर में प्रभास बिछी लाशों के बीच एक राइफल लिए बैठे नजर आ रहे हैं. इससे ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस फिल्म में प्रभास का रोल काफी गंभीर होने वाला है. बता दें ‘फौजी’ प्रभास की अगली पैन-इंडिया फिल्म है, जिसका शूटिंग शेड्यूल ‘अज्ञातपर्व’ नाम से पूरा हो चुका है. फिल्म का निर्देशन और प्रोडक्शन टी-सीरीज और माइथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले हो रहा है. इस फिल्म में प्रभास के साथ मिथुन चक्रवर्ती, जया प्रदा, अनुपम खेर, विशाल भारद्वाज (संगीतकार) और अन्य कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन हनु राघवपुड़ी ने किया है.
प्रभास की ‘फौजी’ को हिंदी, तमिल, तेलुगू कन्नड़, मलयालम और बांग्ला भाषाओं में रिलीज किया जाएगा. इसे बहुत बड़े पैमाने पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना है. माना जा रहा है कि ‘फौजी’ प्रभास के करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म साबित हो सकती है.