कॉमेडी और एक्टिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाला ये स्टार एक बार फिर चर्चा में हैं. हालांकि, इस बार वजह उनका कोई नया शो या किरदार नहीं, बल्कि उनकी सादगी है. सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह घाट किनारे आम लोगों के बीच फुटपाथ पर आराम फरमाते नजर आ रहे हैं. उनका यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है.
कौन है वो सितारा?
हम सुनील ग्रोवर की बात कर रहे हैं, वीडियो खुद कॉमेडियन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. क्लिप में देखा जा सकता है कि वह किसी घाट के किनारे खुले आसमान के नीचे जमीन पर लेटे हुए हैं. उनके आसपास आम श्रद्धालु भी मौजूद हैं. पास में उनकी चप्पलें रखी हैं और चेहरे पर सुकून साफ दिखाई दे रहा है. वीडियो के साथ उन्होंने सिर्फ दो शब्दों का कैप्शन लिखा- ‘तारे जमीन पर.’
वीडियो देख फैंस हैरान
इस वीडियो की खास बात यह है कि सुनील ने अपनी लोकेशन का खुलासा नहीं किया है. इसलिए फैंस यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर वह किस घाट पर पहुंचे थे. वीडियो में बैकग्राउंड में ‘जय महाकाल’ भजन भी सुनाई दे रहा है, जिसने इसे और ज्यादा आकर्षक बना दिया है.

फैंस बांध रहे तारीफों के पुल
सुनील ग्रोवर का यह सादगीभरा अंदाज लोगों का दिल जीत रहा है. सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार उनकी तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘एक ही दिल है, कितनी बार जीतोगे?’ वहीं दूसरे ने कमेंट किया, ‘यही वजह है कि लोग आपको इतना पसंद करते हैं.’ कई फैंस ने उन्हें ‘जमीन से जुड़ा कलाकार’ भी बताया.
पहले भी वायरल हो चुके वीडियो
वैसे यह पहली बार नहीं है जब सुनील ग्रोवर अपने साधारण अंदाज की वजह से सुर्खियों में आए हों. इससे पहले भी उन्हें सड़क किनारे हैंडपंप पर कपड़े धोते हुए देखा गया था, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे. उनकी यही सादगी उन्हें बाकी सितारों से अलग बनाती है.
दर्शकों के चहेते हैं सुनील
अपने शानदार कॉमिक टाइमिंग और यादगार किरदारों के लिए मशहूर सुनील ग्रोवर अक्सर साबित करते हैं कि लोकप्रियता के बावजूद जमीन से जुड़े रहना ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है. यही वजह है कि फैंस उन्हें सिर्फ एक बेहतरीन कलाकार ही नहीं, बल्कि एक सच्चा और सरल इंसान भी मानते हैं.