Jeeva Joseph Aparna Thomas Divorce: मशहूर टीवी कपल जीवा जोसेफ और अपर्णा थॉमस ने अपना रिश्ता खत्म कर लिए है. कपल ने अपनी 11 साल पुरानी शादी खत्म करते हुए तलाक लेने का फैसला कर लिया है. पति-पत्नी दोनों ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग पोस्ट शेयर कर अपने तलाक की जानकारी दी है. अलग होने के बाद इस कपल ने लोगों से अपनी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है.
जीवा जोसेफ-अपर्णा थॉमस का तलाक
सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए जीवा जोसेफ ने अपने तलाक का ऐलान किया है. उन्होंने लिखा, ‘नमस्ते दोस्तों. मुझे लगा कि मुझे यह बताना चाहिए, लेकिन ये मेरे लिए आसान नहीं रहा है. मुझे लगा कि ये बात आपको सीधे मुझसे ही सुननी चाहिए. क्योंकि कई लोग मेरे करियर, मेरे सफर, मेरी खुशियों का हिस्सा रहे हैं. हमे कई लोगों ने बतौर कपल बहुत प्यारा दिया और पसंद किया, लेकिन अब हम साथ नहीं है. हम बस अब जीवा और अपर्णा हैं.’
11 साल बाद टूटा रिश्ता
आगे जीवा ने लिखा, ‘शादी के 11 साल बाद हम अलग हो रहे हैं. ये रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाएगा. हम दोनों ने अपने रास्ते अलग करने का फैसला लिया है. इसकी वजह निजी है. उम्मीद है कि आप इसे समझदारी से स्वीकार करेंगे. हम चाहते हैं कि आप हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें. आप सभी का धन्यवाद.’ वहीं जीवा ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ’24-08-2015 — 24-08-2026. सभी खूबसूरत यादों के लिए धन्यवाद.’
जीवा से अलग होने पर अपर्णा थॉमस ने कही ये बात
अपर्णा थॉमस ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा कि वो जानती हैं कि कई लोग उनकी तरफ से जवाब का इंतजार कर रहे थे, इसलिए उन्होंने खुद इस बारे में बता दिया. अपर्णा ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘शादी खत्म हो गई है. हमारा रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया और मैं भी इसे आगे नहीं बढ़ाना चाहती थीं. ये फैसला लेना बिल्कुल आसान नहीं रहा. मैं आज कह सकती हूं कि मैं सुकून में हूं. मैं काफी सेफ और खुश फील कर रही हूं. क्या हुआ मैं इस बारे में बताना नहीं चाहती. ये निजी बातें हैं. उम्मीद है आप समझेंगे.’
कौन हैं जीवा जोसेफ और अपर्णा थॉमस?
बता दें कि जीवा जोसेफ एक मशहूर टीवी होस्ट हैं. वहीं अपर्णा थॉमस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. दोनों की ही सोशल मीडिया पर अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है. साल 2015 में दोनों ने शादी रचाई थी. वहीं अब कपल ने अलग होने का ऐलान किया है.