Arjun Sarja Files Complaint For Aishwarya Arjun: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अर्जुन सरजा पिछले कुछ समय से अपनी छोटी बेटी अंजना की शादी को लेकर चर्चा में हैं. इसमें सारी लाइमलाइट अर्जुन सरजा की बड़ी बेटी ऐश्वर्या अर्जुन ले गईं. इस शादी में ऐश्वर्या के पति उमापति रामैया शामिल नहीं हुए थे. जिसको लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने ऐश्वर्या अर्जुन को ट्रोल किया और उन पर अपमानजनक टिप्पणी की. अब इस मामले में बेटी को प्रोटेक्ट करते हुए अर्जुन सरजा ने एक सख्त कदम उठाया और उन सभी लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जो उनकी बेटी के चरित्र पर उंगली उठा रहे थे. चलिए आपको पूरा मामला विस्तार से समझाते हैं.
बेटी के चरित्र पर उठी उंगली
दरअसल, सोशल मीडिया पर ऐश्वर्या अर्जुन की शादीशुदा जिंदगी को लेकर अफवाहें उड़ रही हैं. इसी बीच कुछ पोस्ट में ये भी कहा जा रहा है कि ऐश्वर्या अर्जुन कथित तौर पर शराबी हैं. इसी मामले पर अर्जुन सरजा ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर अपना एक लंबा स्टेटमेंट जारी किया. जिसमें उन्होंने इन सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और अपमानजनक बताया है. अपने इस बयान में एक्टर ने कहा कि बिना किसी आधार के किसी महिला पर ऐसे आरोप लगाना उसके चरित्र पर हमला करने जैसा है.
आग बबूला हुए सुपरस्टार
अर्जुन सरजा ने लंबे स्टेटमेंट में लिखा, ‘सबसे पहले मैं उन सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने अंजना की शादी के मौके पर उसे और हमारे परिवार को अपना प्यार और शुभकामनाएं दी हैं. हालांकि, यह एक ऐसी बात है जिसके बारे में मुझे कभी नहीं लगा था कि मुझे पब्लिकली कुछ कहना पड़ेगा. जब मेरी छोटी बेटी की शादी हुई, तो मेरी बड़ी बेटी ऐश्वर्या अर्जुन की निजी जिंदगी को लेकर काफी अटकलें लगाई जाने लगीं. मैंने उसकी (प्राइवेसी) का सम्मान करने का फैसला किया. हर महिला को अपने फैसले खुद लेने और अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने का अधिकार है. अगर वह चाहेगी, तो सही समय आने पर वह खुद इस बारे में बात करेगी.’
चरित्र पर कीचड़ उछालें…
अर्जुन सरजा ने आगे लिखा, ‘लेकिन, एक पिता के तौर पर मैं तब चुप नहीं रह सकता, जब मैं अपनी बेटी के चरित्र और उसकी प्राइवेट लाइफ के बारे में झूठे और बेहद अपमानजनक आरोप लगते हुए देखता हूं. एक्टर होने के नाते, हम समझते हैं कि पब्लिक लाइफ में अटकलें और लोगों की नजरें हम पर होना स्वाभाविक है. लेकिन, अटकलें लगाने और जानबूझकर बेबुनियाद अफवाह फैलाने के बीच एक बड़ा अंतर है. पब्लिक फिगर होने का मतलब यह नहीं है कि कोई भी मनगढ़ंत कहानियां बनाए या किसी के चरित्र पर कीचड़ उछाले. बिना किसी आधार और सबूत के किसी महिला को ‘शराबी’ कहना बेहद गैर-जिम्मेदाराना हरकत है.’
शिकायत दर्ज…
अर्जुन सरजा ने आगे लिखा, ‘हमारी चुप्पी को कभी भी हमारी सहमति नहीं समझना चाहिए. इसलिए, हमने इस मामले से जुड़े अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर उचित कदम उठाया है. मैं पत्रकारिता और रिपोर्टिंग जैसे पेशों का बहुत सम्मान करता हूं. यह बड़े अफसोस की बात है कि मीडिया का एक हिस्सा अपनी इस जिम्मेदारी का गलत इस्तेमाल कर रहा है. वे सिर्फ अपना कंटेंट बेचने के लिए बेबुनियाद आरोपों को सनसनीखेज बनाकर पेश करते हैं, जबकि उन्हें सच्चाई की कोई परवाह नहीं होती.’
कोई समझौता नहीं…
आखिर में उन्होंने लिखा, ‘यह बात सिर्फ मेरी बेटी के बारे में नहीं है. यह हर उस महिला के बारे में है जिसकी गरिमा पर सवाल उठाए जाते हैं और जिसकी निजी पसंद को सार्वजनिक फैसले का विषय बना दिया जाता है. किसी भी महिला को अकेले इन सब चीजों का सामना नहीं करना चाहिए और न ही उसे इस बात के लिए सफाई देनी चाहिए. एक पिता के रूप में मैं हमेशा अपनी बेटी के साथ खड़ा रहूंगा और उसके सम्मान, आत्मनिर्भरता और आजादी के साथ जीने के अधिकार का समर्थन करूंगा. सम्मान और गरिमा ऐसी चीजें हैं जिन पर कभी कोई समझौता नहीं किया जा सकता.’