---विज्ञापन---

कौन हैं अहसास चन्ना? बचपन में निभाए लड़कों के रोल, अब Cannes 2026 में हुई एंट्री

Who Is Ahsaas Channa: इंडस्ट्री में कई चेहरे ऐसे हैं, जिन्होंने बचपन से काम करके दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है, जिन्होंने न सिर्फ अपनी मासूमियत बल्कि दमदार एक्टिंग के दमपर लोगों का दिल जीत लिया है, ऐसी की एक प्यारी सी बच्ची रही जिसने लड़की नहीं बल्कि लड़के के किरदार से अपनी खास पहचान बनाई, आज वही छोटी सी बच्ची इतनी बड़ी हो गई, और उसकी फिल्म कान्स फिल्म 2026 तक पहुंची है.

फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों एक नाम तेजी से सुर्खियों में है, अहसास चन्ना. वजह है उनकी शॉर्ट फिल्म 'गुदगुदी', जिसे कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में स्क्रीनिंग के लिए चुना गया है. किसी भी कलाकार के लिए कान्स जैसे इंटरनेशनल मंच तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि माना जाता है, और अहसास के लिए ये एक खास मुकाम है.

'गुदगुदी' को 'मार्चे दू फिल्म' कैटेगरी में जगह मिली है, जो दुनिया के सबसे बड़े फिल्म मार्केट प्लेटफॉर्म्स में गिनी जाती है. इस फिल्म में अहसास के साथ हृदांश पारेख, आरव और प्रतीक राठौड़ जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. फिल्म को लेकर चर्चा जितनी तेज है, उतनी ही दिलचस्प है अहसास की कहानी.

5 अगस्त 1999 को मुंबई में जन्मी अहसास चन्ना का ताल्लुक एक फिल्मी परिवार से है. उनके पिता इकबाल सिंह चन्ना पंजाबी फिल्मों के प्रोड्यूसर हैं, जबकि मां कुलबीर कौर टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं. यही वजह रही कि अहसास ने बहुत छोटी उम्र में ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया था.

दिलचस्प बात ये है, कि अपने करियर की शुरुआत में अहसास ने कई फिल्मों और शोज में लड़कों के किरदार निभाए. उन्होंने 'वास्तु शास्त्र' में सुष्मिता सेन के बेटे का रोल निभाया था. इसके बाद 'माई फ्रेंड गणेशा' में 'आशू' के किरदार से उन्हें खूब पहचान मिली. इतना ही नहीं, शाहरुख खान की फिल्म 'कभी अलविदा न कहना' में भी वो लड़के के रोल में नजर आई थीं.

हालांकि, साल 2008 में आई हॉरर फिल्म 'फूंक' में पहली बार उन्होंने एक लड़की का किरदार निभाया और यहीं से उनके करियर में नया मोड़ आया.

बड़े होने के बाद अहसास ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई. 'कोटा फैक्ट्री', 'गर्ल्स हॉस्टल', 'हॉस्टल डेज' और 'हार्फ सीए' जैसे शोज में उनके काम को काफी पसंद किया गया. इसके अलावा 'देवों के देव,महादेव' और 'ओय जस्सी' जैसे टीवी शोज में भी वो नजर आ चुकी हैं.

पढ़ाई की बात करें, तो अहसास ने मुंबई यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी में डिग्री हासिल की है. एक्टिंग के साथ-साथ वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं, और इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं.

अब 'गुदगुदी' के जरिए कान्स तक पहुंचना उनके करियर का बड़ा कदम माना जा रहा है. बचपन से एक्टिंग करने वाली ये कलाकार अब इंटरनेशनल मंच पर अपनी पहचान मजबूत करती नजर आ रही हैं.

First published on: Apr 17, 2026 12:18 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.