---विज्ञापन---
एक्टिंग छोड़ सब्जी बेचेंगी टीवी की ये मशहूर एक्ट्रेस? TV प्रोड्यूसर्स पर लगाए गंभीर आरोप
टीवी शो 'भाभी जी घर पर हैं' से घर-घर में अपनी खास पहचान बनाने वाली मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे एक बार फिर अपने बेबाक और कड़े बयानों को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं. इस बार उन्होंने टेलीविजन इंडस्ट्री के तौर-तरीकों और कलाकारों के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर प्रोड्यूसर्स के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. हाल ही में एक्टर शहजादा धामी के करीब ₹30 लाख का बकाया न मिलने की खबरों पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए शिल्पा ने प्रोड्यूसर्स की तुलना 'माफिया' से कर दी है. शिल्पा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर यहां तक कह दिया है कि वह इन लोगों के सामने झुकने के बजाय एक्टिंग छोड़कर सड़क पर सब्जी बेचना ज्यादा पसंद करेंगी.
टीवी इंडस्ट्री के प्रोड्यूसर्स को बताया 'व्हाइट-कॉलर माफिया'
शिल्पा शिंदे ने टेलीविजन इंडस्ट्री के निर्माताओं की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें 'व्हाइट-कॉलर माफिया' करार दिया है. उन्होंने कहा कि प्रोड्यूसर्स कलाकारों की पेमेंट को करीब 90 दिनों तक रोके रखते हैं और कई बार तो यह पैसा कलाकारों को मिलता ही नहीं है. शिल्पा ने उन एसोसिएशनों को भी आड़े हाथों लिया जो ऐसे समय में कलाकारों का साथ देने के बजाय प्रोड्यूसर्स का पक्ष लेते हैं और आवाज उठाने वालों के काम में रुकावटें डालते हैं.
मुश्किल वक्त में को-एक्टर्स ने छोड़ दिया था अकेला
एक्ट्रेस ने अपने को-स्टार्स और इंडस्ट्री के लोगों से सपोर्ट न मिलने पर गहरी निराशा जताई है. शिल्पा ने तंज कसते हुए कहा कि लोग कलाकारों की मौत या आत्महत्या के बाद तो सोशल मीडिया पर बड़ा दुख जताते हैं, लेकिन जब वही कलाकार जीते-जी इंसाफ के लिए लड़ता है, तो कोई उसका साथ नहीं देता. उन्होंने कहा कि उनके विवाद के समय भी उन्हें पूरी तरह अकेला छोड़ दिया गया था और आज 10 साल बाद भी वह प्रोड्यूसर धड़ल्ले से शोज बना रहा है.
'रास्ते पर सब्जी बेच लूंगी, लेकिन इनके सामने नहीं झुकूंगी'
इंडस्ट्री के मौजूदा हालातों और शोज के कंटेंट पर गुस्सा जाहिर करते हुए शिल्पा ने कहा कि आज के समय में टीवी पर कोई क्रिएटिविटी नहीं बची है, सब बकवास शोज बनाए जा रहे हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "मुझे ऐसे लोगों के साथ काम करना ही नहीं है और न ही मुझे कोई रोल चाहिए. मैं रास्ते पर सब्जी बेच लूंगी, लेकिन ऐसे घटिया लोगों के सामने कभी नहीं झुकूंगी."
बकाया पैसों के लिए दर्ज कराया था झूठा यौन उत्पीड़न का केस
शिल्पा शिंदे ने हाल ही में भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में एक हैरान करने वाला खुलासा किया. उन्होंने माना कि 'भाभी जी घर पर हैं' शो छोड़ने के बाद जब मेकर्स ने उनके पैसे रोक लिए थे, तब उन्होंने प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ यौन उत्पीड़न की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी. शिल्पा के मुताबिक, उस समय उन्हें चारों तरफ से घेर लिया गया था और अपना पैसा निकलवाने के लिए उन्हें यह आखिरी रास्ता सूझा था.
आपसी समझौते के बाद खत्म हुआ था पूरा विवाद
एक्ट्रेस ने इंटरव्यू में आगे स्पष्ट किया कि यह पूरा मामला बाद में कोर्ट के बाहर आपसी समझौते (आउट ऑफ कोर्ट सेटलमेंट) के साथ खत्म हो गया था. मेकर्स ने उनका पूरा बकाया पैसा उन्हें वापस लौटा दिया था, जिसके बाद यह विवाद सुलझ गया था. शिल्पा ने उन ट्रोल्स को भी कड़ा जवाब दिया जो इस बात को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर निशाना बना रहे हैं, उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों को अंदाजा भी नहीं है कि उस दौर में उन्होंने क्या-क्या दर्द सहा है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.