---विज्ञापन---
स्टेज 3 कैंसर से इस फेमस एक्ट्रेस ने अकेले लड़ी जंग, सबसे से छुपाई बीमारी, अब छलका दर्द
एंटरटेनमेंट की दुनिया में चमकते सितारों की जिंदगी जितनी खुशहाल दिखती है, हकीकत उससे कहीं ज्यादा अलग होती है, आज हम आपको एक ऐसी एक्ट्रेस के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने अपने स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर को सबसे छुपाकर रखा, जिसके पीछे की वजह भी उन्होंने बताई जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
एक्ट्रेस का हैरान करने वाला खुलासा
हम जिस एक्ट्रेस की बात कर रहे हैं, वो बॉलीवुड और टीवी की दिग्गज एक्ट्रेस शगुफ्ता अली हैं, उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को याद करते हुए कई हैरान करने वाले खुलासे किए. उन्होंने बताया कि एक समय उन्हें स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था, लेकिन उन्होंने इस गंभीर बीमारी की जानकारी किसी को नहीं दी. इसकी वजह बीमारी नहीं, बल्कि काम खोने का डर था.
मुश्किलों से गुजरीं एक्ट्रेस
हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में शगुफ्ता अली ने कहा कि उस दौर में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री का माहौल ऐसा था कि अगर किसी कलाकार की गंभीर बीमारी की खबर सामने आ जाती, तो उसे काम मिलना बंद हो सकता था. इसी डर के कारण उन्होंने कैंसर जैसी बड़ी बीमारी से अकेले ही लड़ाई लड़ी और किसी से इसका जिक्र तक नहीं किया.
बीमारी को अकेले झेला
शगुफ्ता ने बताया कि लोगों ने उन्हें साफ शब्दों में कहा था कि बीमारी के बारे में किसी को मत बताना, वरना निर्माता और निर्देशक उन्हें काम देना बंद कर देंगे. यही वजह रही कि उन्होंने इलाज भी चुपचाप कराया और अपने करियर को बचाने की कोशिश करती रहीं.
आर्थिक परेशानियों से गुजरीं
एक्ट्रेस ने अपनी आर्थिक परेशानियों का जिक्र करते हुए बताया कि कैंसर के इलाज और अपने पिता की बीमारी पर उनकी सालों की जमा-पूंजी खर्च हो गई. हालात इतने खराब हो गए कि उन्हें अपने गहने और कार तक बेचनी पड़ी. हालांकि उन्होंने हर हाल में अपना घर बचाए रखा. आज भी वह अस्पताल जाने या काम पर आने-जाने के लिए बिना किसी झिझक के ऑटो-रिक्शा से सफर करती हैं.
सेविंग्स भी हुई खत्म
उन्होंने कहा कि जब उनकी आर्थिक स्थिति खराब हुई तो कई लोग उनसे पूछने लगे कि उनकी सेविंग्स कहां गईं. इस पर शगुफ्ता ने भावुक होकर कहा कि उनके पास अच्छी-खासी बचत थी, लेकिन वह कोई बड़ी बिजनेसमैन नहीं हैं कि पैसा कभी खत्म ही न हो, उन्होंने अपनी सारी बचत इलाज, घर के खर्च, राशन और परिवार की जिम्मेदारियों में लगा दी.
लोगों के सवालों ने तोड़ा
शगुफ्ता अली ने यह भी कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा दुख इस बात का हुआ कि लोगों ने उनकी बचत पर सवाल उठाए. उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने अपना पैसा किसी शौक या ऐशो-आराम पर नहीं उड़ाया, बल्कि अस्पताल के भारी-भरकम बिल चुकाने में सब कुछ खर्च हो गया.
वर्क फ्रंट पर शगुफ्ता
वर्क फ्रंट की बात करें तो शगुफ्ता अली टीवी शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' का हिस्सा बनने वाली थीं. उन्हें शो में आदित्य गुप्ता की दादी का किरदार निभाना था, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण उन्हें यह प्रोजेक्ट छोड़ना पड़ा. अब उनकी जगह इस भूमिका के लिए नीलू वाघेला को चुना गया है. शगुफ्ता की यह कहानी मुश्किल हालात में भी हिम्मत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की मिसाल है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.