---विज्ञापन---
Lock Upp 2 में कंगना रनौत के सामने हुआ पहला एलिमिनेशन, इस कंटेस्टेंट को किया बेघर
'लॉक अप 2' की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही है. शो के पहले एपिसोड में कई जबरदस्त ट्विस्ट देखने को मिले, जिसके बाद से ही यह लगातार चर्चा में बना हुआ है. इस बार शो को फराह खान और रितेश देशमुख होस्ट कर रहे हैं. वहीं, जजमेंट डे एपिसोड में कंगना रनौत की एंट्री हुई. इस दौरान उन्होंने कई कंटेस्टेंट्स की जमकर क्लास लगाई. इतना ही नहीं, शो के एक कंटेस्टेंट को एलिमिनेट भी कर दिया गया.
कंगना रनौत ने ली जजमेंट डे एपिसोड में एंट्री
दरअसल, हफ्ते की शुरुआत में हुए टास्क को रियाज अली ने जीता था, जिसके बाद वह सुरक्षित हो गए. हालांकि, पांच कंटेस्टेंट्स डेंजर ज़ोन में पहुंच गए थे. इनमें आकांक्षा चमोला, श्रेष्ठा अय्यर, श्रेया कालरा, माधुरी जैन ग्रोवर और सूफी मोतीवाला शामिल थे. जब शो से एक कंटेस्टेंट को बाहर करने की बारी आई, तो फराह खान और रितेश देशमुख ने खास मेहमान के तौर पर कंगना रनौत का स्वागत किया. कंगना 'लॉक अप' के पहले सीजन को होस्ट कर चुकी हैं और इस बार वह जजमेंट डे एपिसोड में 'जनता की आवाज' बनकर पहुंचीं.
श्रेया कालरा, माधुरी और सूफी मोतीवाला को कंगना ने किया सेफ
कंगना के आने के बाद फराह खान और रितेश देशमुख ने आपसी सहमति से श्रेया कालरा और सूफी मोतीवाला को सुरक्षित रखने का फैसला किया. इसके बाद माधुरी जैन ग्रोवर, श्रेष्ठा अय्यर और आकांक्षा चमोला अनसेफ ज़ोन में बचीं. बाद में माधुरी जैन ग्रोवर ने शो के नियमों के मुताबिक अपना सीक्रेट साझा किया, जिसके चलते वह एलिमिनेशन से बच गईं.
श्रेष्ठा और आकांक्षा के बीच हुई वोटिंग
इसके बाद होस्ट्स ने बाकी कंटेस्टेंट्स से आकांक्षा चमोला और श्रेष्ठा अय्यर के बीच वोट करने के लिए कहा कि वे किसे सुरक्षित देखना चाहते हैं. ज्यादातर कंटेस्टेंट्स ने आकांक्षा के पक्ष में वोट किया, जिससे वह बेघर होने से बच गईं.
श्रेष्ठा हुई एलिमिनेट
हालांकि, जेल के कैदियों के वोट के बाद श्रेष्ठा अय्यर को सबसे कम सपोर्ट मिला और वह शो से बाहर हो गईं. इस दौरान श्रेष्ठा काफी भावुक नज़र आईं. जब वह घर से बाहर जा रही थीं, तब फराह खान ने उनसे कहा, "भले ही आपका सफर यहां खत्म हो रहा है, लेकिन हमें उम्मीद है कि आप अपने भाई की परछाई से अलग अपनी एक पहचान बनाएंगी." इस पर श्रेष्ठा ने जवाब दिया कि वह परछाई हमेशा उनके साथ रहेगी, क्योंकि उन्हें अपने भाई पर गर्व है.
शो में बचे हैं ये कंटेस्टेंट
फिलहाल शो में 15 कंटेस्टेंट्स बचे हैं, जिनमें राम कपूर, श्रेया कालरा, आकांक्षा चमोला, सुनीता आहूजा, हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी जैसे नाम शामिल हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.