---विज्ञापन---
‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद के बीच बढ़ी प्रणित मोरे और हिमांशु जांगरा की मुसीबत, दर्ज हुई FIR
FIR File Against Pranit More and Himanshu Jangra: स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों '370 रुपये की बिरयानी' वाले विवाद को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. प्रणित मोरे के साथ-साथ हिमांशु जांगरा भी सोशल मीडिया पर खूब ज्यादा ट्रोल हो रहे हैं. शो में हिमांशु जांगरा की डेट वाली कहानी और उनके '370 रुपये की बिरयानी' वाले कमेंट का विवाद दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है. हाल ही में खबर आई है कि प्रणित मोरे और हिमांशु जांगरा के खिलाफ महाराष्ट्र साइबर सेल ने एफआईआर दर्ज कर ली है. चलिए आपको ये पूरा मामला समझाते हैं.
प्रणित और हिमांशु के खिलाफ हुई FIR
'370 रुपये की बिरयानी' वाले विवाद को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है. नई जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र साइबर सेल ने प्रणित मोरे और हिमांशु जांगरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे, हिमांशु जांगरा, डॉ सेजल पवार और अन्य लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र साइबर के नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है. इन सभी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 75(1) (iv), 75(3), 294, 353(2) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम, 2000 की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया गया है.
प्रणित मोरे के शो से जुड़ा मामला
अधिकारियों के अनुसार, यह मामला स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो से जुड़े यूट्यूब, इंस्टाग्राम और बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो और क्लिप से जुड़ा है. आरोप है कि इन वीडियो में महिलाओं, उनके कन्सर्न और मरे हुए व्यक्तियों के बारे में अश्लील, आपत्तिजनक और अपमानजनक कमेंट किए गए हैं.
प्रणित मोरे ने माफी भी मांगी
हिमांशु जांगरा के '370 रुपये की बिरयानी' वाले कमेंट की पहले ही इंडस्ट्री की कई हस्तियों से अलोचना की. वहीं, मालती चाहर, आयशा खान, कुशा कपिला और रणवीर शौरे जैसे एक्टर्स ने प्रणित मोरे को भी इसके लिए काफी क्रिटिसाइज किया. हालांकि, प्रणित मोरे ने सोशल मीडिया पर आकर सबसे इस बात के लिए मांफी भी मांगी.