---विज्ञापन---
‘तुम सबसे बदसूरत हो…’ पति के तानों से बिखर गई इस दिग्गज एक्ट्रेस की शादी
बॉलीवुड से लेकर टीवी इंडस्ट्री तक कई ऐसे कलाकार हैं, जो अक्सर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहते हैं. कई बार सितारे अपनी शादी, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और तलाक की खबरों की वजह से सुर्खियां बटोरते हैं. आज हम ऐसी ही एक दिग्गज एक्ट्रेस की बात कर रहे हैं, जिन्हें उनके पति ने एक समय "सबसे बदसूरत औरत" तक कह दिया थाय इसके बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई. बीते कई सालों से दोनों अलग रह रहे हैं, लेकिन अब तक उन्होंने तलाक नहीं लिया है.
पति दर्शन से अलग रहने को लेकर खुलकर बोलीं अपारा
दरअसल, हम बात कर रहे हैं टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में सविता विरानी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस अपारा मेहता की. हाल ही में उन्होंने अपने पति दर्शन जरीवाला से अलग रहने को लेकर खुलकर बात की. हॉटरफ्लाई को दिए एक इंटरव्यू में अभिनेत्री ने दो दशक से अधिक समय से अलग रहने और अपने रिश्ते के उतार-चढ़ाव पर खुलासा किया. उन्होंने उन दर्दभरे शब्दों को भी याद किया, जो दर्शन ने शादी खत्म करने के दौरान उनसे कहे थे.
परिवार के आशीर्वाद से दोबारा की थी शादी
अपारा मेहता ने कहा, "जब दर्शन और मैंने शादी करने का फैसला किया, तब हमारी उम्र 18 और 21 साल थी और हम कॉलेज में पढ़ते थे. हमने पहले घर से भागकर शादी की, लेकिन उसके बाद वह अपने घर लौट गए और मैं अपने घर. मैंने दर्शन और उनके परिवार को बताया कि मुझे अपना घर छोड़ना पड़ेगा. इसके बाद मैं उनके घर गई. मेरी सास, जो गुजराती थिएटर की अभिनेत्री भी थीं, उन्होंने सुझाव दिया कि हमें अपने-अपने माता-पिता से बात करनी चाहिए. जब दोनों परिवार मिले, तो मेरे पिता ने कहा, 'आपने हमारे पास कोई विकल्प नहीं छोड़ा है. हम इस शादी को स्वीकार करते हैं, लेकिन जिस तरह यह हुई, उसे नहीं. हम चाहते हैं कि परिवार के आशीर्वाद के साथ आपकी शादी दोबारा हो.'"
दर्शन और अपारा के रिश्ते में आई दरार
शादी में आई दूरी को लेकर अपारा ने कहा, "कभी-कभी मुझे लगता है कि पति-पत्नी को एक ही पेशे में नहीं होना चाहिए, हालांकि मुझे नहीं पता कि यह पूरी तरह सच है या नहीं. लोग कहते हैं कि अगर दोनों पार्टनर डॉक्टर या वकील हों, तो एक-दूसरे के काम को बेहतर समझते हैं. लेकिन हमारी पेशेवर जिंदगी इस तरह टकराई कि उसका असर हमारे रिश्ते पर पड़ा. आज भी हमें ठीक-ठीक वजह नहीं पता कि हम अलग क्यों रह रहे हैं. उन्होंने कभी साफ तौर पर नहीं बताया. बस इतना कहा कि 'तुमने अपनी जिंदगी अपने तरीके से जी है.' उन्होंने यह बात कई बार दोहराई। बाद में मेरी बेटी ने मुझसे कहा, 'जब तुमने अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जी है, तो शायद किसी और को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का मौका नहीं मिला.' उसकी यह बात मुझे सोचने पर मजबूर कर गई."
दर्शन ने अपारा को कहा था बदसूरत
अपारा ने उस पल को भी याद किया, जिसने उनका दिल तोड़ दिया था. उन्होंने कहा, "मैं अमेरिका (USA) में थी. हमारी शादी की सालगिरह थी, इसलिए मैंने उन्हें फोन किया. उन्होंने कहा, 'हमें गंभीरता से बात करनी है.' मैं अपना शो खत्म करके अमेरिका से लौटी. सुबह 3 बजे पहुंची, 5 बजे घर आई और सुबह 7 बजे मेरी शूटिंग थी. तभी उन्होंने मुझसे कहा, 'देखो अपारा, अब हमें अलग हो जाना चाहिए. मुझे अब तुमसे प्यार नहीं रहा. तुम मुझे पसंद नहीं हो और तुम मेरी जिंदगी में मिली सबसे बदसूरत औरत हो." अपारा ने बताया कि यह सुनने के बाद भी वह शूटिंग के लिए चली गईं और पूरे दिन यही सोचती रहीं कि क्या दर्शन ने सचमुच उनसे ऐसा कहा था.
घर छोड़कर चले गए थे दर्शन
अंत में अभिनेत्री ने कहा, "फिर एक दिन वह घर छोड़कर चले गए. यह घर आज भी हम दोनों का है. मेरे घर के दरवाजे आज भी उनके लिए खुले हैं. वह चाहें तो कभी भी वापस आ सकते हैं. हालांकि मुझे पता है कि शायद ऐसा न हो. लेकिन मैं इतना जरूर कहूंगी कि उन्हें मेरे जैसा कोई नहीं मिलेगा और मुझे भी उनके जैसा कोई नहीं मिलेगा. अलग रहने के बावजूद आज भी हम एक-दूसरे के साथ सहज हैं और कई बार बिना कुछ कहे एक-दूसरे की बात समझ जाते हैं."
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.