---विज्ञापन---

सबको हंसाने वाले राजपाल यादव के घर जब पसरा था मातम, फिर भी सेट पर करनी पड़ी कॉमेडी! आखिर क्या थी मजबूरी?

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर राजपाल यादव बीते लंबे वक्त से 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले को लेकर खबरों में बने हुए हैं. एक्टर को इस मामले में फरवरी में जेल भी हो चुकी हैं. हालांकि बाद में उन्हें अंतरिम जमानत दी गई थी. इतना ही नहीं अप्रैल की शुरुआत में हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रखा और अगली सुनवाई 17 अप्रैल को होने वाली है. इस पूरे विवाद के बीच एक्टर ने अपने पिता को याद किया है और बताया है कि जब पिता की मौत हुई थी तब भी उन्हें सेट पर आकर कॉमेडी करनी पड़ती थी.

दरअसल, राजपाल यादव जल्द ही अक्षय कुमार स्टारर फिल्म भूत बंगला में नजर आने वाले हैं. जिसका डायरेक्शन प्रियदर्शन ने किया है. फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज होगी और इसकी रिलीज से पहले सभी कलाकार प्रमोशन में जुटे हुए है. वहीं, फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने शूटिंग के दिनों को याद किया और पिता की बीमारी, निधन को लेकर बात की.

राजपाल ने अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में बताया कि, "अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ शूटिंग करना ऐसा है कि भूख मिटती नहीं है बल्कि बढ़ जाती है. इसी फिल्म के दौरान मेरे पिता अस्पताल में भर्ती हुए थे. उनकी तबीयत बहुत खराब थी और दूसरी तरफ फिल्म की शूटिंग चल रही थी.

उन्होंने आगे कहा, "कुछ दिनों बाद पिताजी का निधन हो गया लेकिन फिर दोबारा शूटिंग पर आकर हंसी का माहौल और शूटिंग की. सेट पर कभी महसूस नहीं हुआ कि ऐसा कुछ हुआ है, क्योंकि सालों बाद अक्षय. कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ काम करने का मौका मिला था.

इस बीच एक्टर ने अपनी प्रियदर्शन के साथ मुलाकात के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि कैसे पहली ही मीटिंग में उनके कपड़े फाड़ दिए थे. उन्होंने कहा, " फिल्म जंगल के बाद प्रियदर्शन ने पहली बार मुलाकात करने के लिए बुलाया था, लेकिन तब मैं ये सोच रहा था कि इतने बड़े डायरेक्टर ने मुझे क्यों बुलाया है. लेकिन फिर उन्होंने अपने ऑफिस में बुलाया और मेरी शर्ट को आगे पकड़ा और फाड़ दिया. उन्होंने मुझसे कहा कि दोनों प्लेन की तरह हाथ फैलाकर दौड़ो. पहले अजीब लगा, लेकिन मेरा रोल ही वही था.

बता दें कि राजपाल यादव के 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले को लेकर तमाम सेलेब्स ने उनकी मदद की है. सलमान खान शुरुआत से ही उनके सपोर्ट में खड़े रहे हैं. इतना ही नहीं मीका सिंह, सोनू सूद,एकता कपूर ने भी राजपाल के 9 करोड़ चेक बाउंस मामले में कुछ अमाउंट उन्हें दिया है.

First published on: Apr 15, 2026 02:21 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.