Saturday, 20 June, 2026

---विज्ञापन---

Back

ईरान में बिना हिजाब गाना गाने पर स्टार सिंगर को मिली 74 कोड़े मारने की सजा, 2 साल का बैन भी लगाया

---विज्ञापन---

दुनियाभर में महिलाओं के अधिकारों और अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर लगातार बहस छिड़ी रहती है. लेकिन कई देशों से आज भी कुछ ऐसी खौफनाक खबरें सामने आती हैं, जो पूरी इंसानियत को झकझोर कर रख देती हैं. ऐसी ही एक बेहद चौंकाने वाली खबर ईरान की मशहूर स्टार सिंगर परस्तू अहमदी को लेकर आई है. एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट के दौरान हिजाब न पहनना और स्लीवलेस ड्रेस में देशभक्ति गीत गाना सिंगर को बेहद भारी पड़ गया है. ईरानी अदालत ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए सिंगर को 74 कोड़े मारने की दर्दनाक सजा सुनाई है. इस फरमान के बाद दुनियाभर के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया पर ईरान सरकार की जमकर निंदा हो रही है.

74 कोड़े की सजा और कला पर 2 साल का बैन

द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी अदालत ने सिंगर परस्तू अहमदी पर 'अश्लील कंटेंट पब्लिश' करने का गंभीर आरोप लगाया है. कोर्ट ने सजा के तौर पर परस्तू और उनकी टीम के 8 सदस्यों को 74-74 कोड़े मारने का आदेश दिया है. इसके साथ ही सिंगर के अगले 2 साल तक देश छोड़ने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और उनकी हर तरह की आर्टिस्टिक एक्टिविटीज (कलात्मक गतिविधियों) पर भी 2 साल का कड़ा प्रतिबंध लगा दिया गया है.

---Advertisement---

दिसंबर 2024 का वो वायरल लाइव कॉन्सर्ट

इस पूरे विवाद की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी, जब 29 साल की परस्तू अहमदी ने यूट्यूब पर एक लाइव ऑनलाइन कॉन्सर्ट किया था. इस कॉन्सर्ट में उन्होंने ईरान का एक मशहूर देशभक्ति गीत 'अज खूने जवानाने वतन' गाया था, जिसे लाखों लोगों ने देखा. इस परफॉर्मेंस के दौरान परस्तू ने पारंपरिक हिजाब नहीं पहना था और वह बिना हिजाब के नजर आई थीं.

27 मिनट का वीडियो और स्लीवलेस ड्रेस

सिंगर का यह वायरल वीडियो कुल 27 मिनट का था, जिसमें उन्होंने ब्लैक कलर की एक स्लीवलेस ड्रेस पहनी हुई थी. सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जहां एक तरफ कई महिलाओं और समर्थकों ने इसे 'अभिव्यक्ति की आजादी' माना और सिंगर की हिम्मत की तारीफ की, वहीं दूसरी तरफ ईरानी अधिकारियों और कट्टरपंथियों की नजर में यह वहां के सख्त इस्लामिक कानूनों का सीधा और खुला उल्लंघन था.

---Advertisement---

महिलाओं के अकेले गाने और हिजाब पर सख्त पाबंदी

ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों (Public Places) पर हिजाब पहनना कानूनी रूप से अनिवार्य है. इसके अलावा वहां महिलाओं के सोलो सिंगिंग यानी अकेले गाना गाने को लेकर भी बेहद कड़े और अजीब नियम हैं, जिसके तहत कोई भी महिला सार्वजनिक रूप से अकेले गाना नहीं गा सकती. परस्तू ने इन दोनों नियमों को तोड़कर सीधे तौर पर ईरानी व्यवस्था को चुनौती दी थी.

पहले भी हिजाब विरोधी प्रदर्शनों का हिस्सा रहीं परस्तू

परस्तू अहमदी हमेशा से ही ईरान की महिलाओं पर थोपे गए इन दकियानूसी नियमों के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं. इससे पहले साल 2022 में ईरान में हुए ऐतिहासिक हिजाब विरोधी प्रदर्शनों (Ant-Hijab Protests) में भी उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था. इस वीडियो के वायरल होने के बाद ईरानी अधिकारियों ने उन्हें और उनकी टीम को हिरासत में भी लिया था, और अब अदालत ने उन पर यह खौफनाक फैसला सुनाया है.

---Advertisement---
First published on: Jun 20, 2026 08:16 AM

E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola