---विज्ञापन---
‘पंचायत’ के विधायकजी बनियान पहन पहुंचे हाट बाजार, टमाटर-खीरा छांटते देख फैंस बोले- ‘लौकी ढूंढ रहे हो?’
Panchayat MLA Viral Photo: वेब सीरीज 'पंचायत' के फैंस इन दिनों सीजन 5 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच शो में विधायक चंद्रकिशोर सिंह का किरदार निभाने वाले अभिनेता पंकज झा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. तस्वीर में वह किसी हाट बाजार में बेहद साधारण अंदाज में बैठकर टमाटर और खीरे छांटते नजर आ रहे हैं. खास बात यह है कि उन्होंने बनियान पहन रखी है, जिससे उनका देसी अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है.
लोगों के बीच 'विधायक जी'
पंकज झा ने यह तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है. फोटो में वह सब्जी की दुकान में आराम से बैठे दिखाई दे रहे हैं और बड़े ध्यान से खीरे और टमाटरों को देखते नजर आ रहे हैं. उनके आसपास कुछ लोग खड़े भी दिखाई दे रहे हैं, जो इस बात से अंजान हैं, कि उनके बीच 'विधायक जी' बैठे हैं.
सोशल मीडिया पर आई रिएक्शन्स की बाढ़
तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स की बौछार कर दी. एक यूजर ने लिखा, 'विधायकी जाने के बाद विधायक जी का नया काम.' वहीं दूसरे ने मजाक करते हुए कहा, 'प्रधानजी से पंगा लेने का यही नतीजा है.' एक अन्य फैन ने लिखा, 'विधायक जी खीरे में लौकी ढूंढ रहे हैं.' जबकि किसी ने पूछा, 'सितारा को साथ क्यों नहीं लाए?'
क्या प्रधान जी से पंगा पड़ा भारी?
'पंचायत' में विधायक और प्रधानजी के बीच की टक्कर दर्शकों को हमेशा से पसंद आई है. यही वजह है कि लोग रील लाइफ के इस पॉपुलर किरदार को असल जिंदगी में भी उसी नजर से देखते हैं. वायरल तस्वीर पर आए कमेंट्स से साफ है कि फैंस आज भी विधायकजी के किरदार को भूल नहीं पाए हैं.
फैंस को सीजन 5 का बेसब्री से इंतजार
वहीं अगर 'पंचायत' सीजन 5 की बात करें तो इसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है. फिलहाल नए सीजन की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन प्राइम वीडियो पहले ही पुष्टि कर चुका है कि शो का पांचवां सीजन साल 2026 में रिलीज किया जाएगा.
'पंचायत' ने गांव की दिखाई सादगी
साल 2020 में शुरू हुई 'पंचायत' ने गांव की सादगी, कॉमेडीय और दमदार किरदारों के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है. अब सभी की निगाहें सीजन 5 पर टिकी हैं, जिससे उम्मीद की जा रही है कि यह शो पॉपुलैरिटी के नए रिकॉर्ड कायम करेगा.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.