---विज्ञापन---
कार के बोनट पर लिखा गया था Sholay का सबसे यादगार सीन, जल्दबाजी में बने डायलॉग्स ने रच दिया इतिहास
Sholay Famous Scene: हिंदी सिनेमा की एक ऐसी फिल्म जिसने ऐसे-ऐसे रिकॉर्ड बनाए जिन्हें तोड़ पाना आज ही फिल्मों के भी बस की बात नहीं हैं, ये फिल्म है, 'शोले' जिसने अनगिनत रिकॉर्ड्स अपने नाम किए, जिसकी कहानी से लेकर डायलॉग्स तक के किस्से बेहद दिलचस्प हैं, हाल ही में फिल्म के एक आइकॉनिक सीन के बारे में खुद डायलॉग राइटर ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिन्हें जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे.
क्या था वो फिल्म का सीन?
हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों की बात हो, और 'शोले' का नाम ना आए ऐसा तो हो ही नहीं सकता, रमेश सिप्पी की यह फिल्म 1975 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, इसी के साथ इसने बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला दिया था. जबरदस्त स्टारकास्ट से सजी इस फिल्म के किरदार और डायलॉग्स आज भी लोगों की जुबान पर हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्म का सबसे पॉपुलर और मजेदार 'पानी की टंकी' वाला सीन बेहद जल्दबाजी में लिखा गया था. इतना ही नहीं, इसके डायलॉग्स कार के बोनट पर खड़े-खड़े पूरे किए गए थे.
कौन हैं इस सीन के डायलॉग राइटर?
यह दिलचस्प किस्सा मशहूर लेखक जावेद अख्तर ने एक इंटरव्यू के दौरान शेयर किया था. उन्होंने बताया कि 'शोले' की स्क्रिप्ट लगभग तैयार थी, लेकिन पानी की टंकी वाले सीन के डायलॉग्स अभी पूरे नहीं हुए थे. वह रोज उन्हें लिखने का सोचते थे, लेकिन फिल्म के काम में इतनी व्यस्तता रहती थी कि मौका ही नहीं मिल पाता था.
क्यों नहीं लिख पा रहे थे डायलॉग्स?
जावेद अख्तर के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग के दौरान दिनभर मीटिंग्स, चर्चाएं और दूसरे काम चलते रहते थे. ऐसे में वह उस खास सीन को पूरा करने के लिए समय नहीं निकाल पा रहे थे. हालांकि, उन्हें पता था कि यह सीन फिल्म के लिए बेहद जरूरी है.
फिर वो दिन आया जब डायलॉग्स तो लिखे... पर सड़क पर!
फिर एक दिन ऐसा आया जब उन्हें अचानक बैंगलोर की फ्लाइट पकड़नी थी. एयरपोर्ट जाने की जल्दी थी और बोर्डिंग का समय भी करीब आ चुका था. उसी दौरान उन्होंने तय किया कि अब और इंतजार नहीं किया जा सकता. उन्होंने अपनी कार के पास खड़े होकर उसके बोनट को ही टेबल बना लिया और तेजी से डायलॉग्स लिखने लगे.
क्या है इन सीन्स से जुड़ा मजेदार किस्सा?
सबसे मजेदार बात यह रही कि समय की कमी के कारण जावेद अख्तर उन डायलॉग्स को दोबारा पढ़ भी नहीं पाए. उन्होंने जल्दी-जल्दी कागज अपने असिस्टेंट को थमाए और फ्लाइट पकड़ने निकल गए. बाद में वही डायलॉग्स फिल्म में लिए गए और दर्शकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुए.
कौनसे हैं वो डायलॉग्स?
'मौसी जी सुसाइड' और 'चक्की पीसिंग एंड पीसिंग' जैसे डायलॉग्स ने दर्शकों को खूब हंसाया. हिंदी और इंग्लिश के मजेदार कॉम्बिनेशन ने इस सीन को अलग पहचान दी. रिलीज के बाद यह सीन इतना पॉपुलर हुआ कि आज भी लोग उसे याद करते हैं और उसके डायलॉग्स दोहराते हैं.
फिल्म के आइकॉनिक सीन्स में शुमार हैं ये डायलॉग्स
दिलचस्प बात यह है कि जो सीन जल्दबाजी में लिखा गया था, वही आगे चलकर भारतीय सिनेमा के सबसे आइकॉनिक और यादगार सीन्स में शामिल हो गया. बहरहाल, यह तो एक किस्सा है, लेकिन 'शोले' की सफलता के पीछे ऐसी कई कहानियां छिपी हैं, जिन्होंने इस फिल्म को हिंदी सिनेमा सबसे पसंदीदा फिल्म बना दिया.