---विज्ञापन---
Shah Rukh Khan की ऑनस्क्रीन बेटी को हुई ये गंभीर बीमारी, बोलीं- मैं जिस परेशानी से…
करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' और शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म 'कुछ-कुछ होता है' में उनकी बेटी अंजलि का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस सना सईद ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद भावुक खुलासा किया है. सना ने बताया कि वह कई सालों तक बुलिमिया (Bulimia Nervosa) नाम के इटिंग डिसऑर्डर से जूझती रहीं, लेकिन उन्हें लंबे समय तक यह पता ही नहीं था कि उनकी परेशानी का कोई नाम भी है.
एक्ट्रेस ने शेयर किया सोशल मीडिया पोस्ट
सना ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल वीडियो शेयर करते हुए बताया कि एक समय ऐसा था जब वह छिप-छिपकर खाना खाती थीं और हमेशा इस डर में रहती थीं कि कहीं कोई उन्हें ऐसा करते हुए देख न ले. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता था कि मेरे अंदर ही कोई कमी है. जब मैंने किताबें पढ़नी शुरू कीं, तब जाकर समझ आया कि मैं जिस परेशानी से गुजर रही हूं, उसे बुलिमिया कहते हैं.'
इस बीमारी से जूझ रहीं थीं एक्ट्रेस
एक्ट्रेस ने बताया कि बचपन और यंग ऐज में उन्होंने कभी इस बीमारी का नाम नहीं सुना था. यही वजह रही कि वह सालों तक अपनी परेशानी को समझ नहीं सकीं. सना के मुताबिक, अगर उन्हें पहले ही इस डिसऑर्डर के बारे में जानकारी होती, तो शायद वह जल्दी मदद ले पातीं और खुद को इतनी लंबी तकलीफ से बचा लेतीं.
पोस्ट में शेयर किया दर्द
अपने पोस्ट में सना ने लिखा कि वह यह अनुभव इसलिए शेयर कर रही हैं ताकि जो लोग आज भी इसी तरह की समस्या से गुजर रहे हैं, उन्हें यह एहसास हो कि वे अकेले नहीं हैं. उन्होंने कहा, 'इस परेशानी का इलाज संभव है और इससे बाहर निकलने का रास्ता भी है.' सना ने यह भी बताया कि अब वह पूरी तरह रिकवर हो चुकी हैं और पहले से बेहतर जिंदगी जी रही हैं.
क्या होता है बुलिमिया?
बुलिमिया नर्वोसा एक गंभीर इटिंग डिसऑर्डर है. इसमें व्यक्ति बहुत ज्यादा खाना खा लेता है और फिर वजन बढ़ने के डर से उल्टी करने, जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करने या दूसरे तरीकों से शरीर से खाना बाहर निकालने की कोशिश करता है. समय रहते इलाज और सही काउंसलिंग मिलने पर इससे उबरना संभव है.
फैंस के लिए दिया मैसेज
सना सईद का यह खुलासा सिर्फ उनकी निजी कहानी नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए भी एक मजबूत मैसेज है जो मानसिक स्वास्थ्य या इटिंग डिसऑर्डर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं. उनकी ईमानदारी और हिम्मत की सोशल मीडिया पर भी जमकर सराहना हो रही है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.