---विज्ञापन---
‘सहर होने को है’ पर छाए संकट के बादल, पार्थ समथान-ऋषिता कोठारी के बीच रियल कलेश, क्या शो पर पड़ सकता है भारी?
टीवी की दुनिया में इन दिनों एक शो लोगों को दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है, जिसमें लीड एक्टर और एक्ट्रेस की केमिस्ट्री इंटरनेट पर धूम मचा रही है, लेकिन शो के ऊपर अब संकट के बादल मंडराते दिख रहे हैं, कलर्स के शो 'सहर होने को है' को लेकर चर्चा तेज हो गई है. 2 दिसंबर 2025 को शुरू हुआ ये शो अपनी कहानी और कलाकारों की दमदार एक्टिंग की वजह से दर्शकों के बीच तेजी से पॉपुलर हुआ.
खास बात ये रही, कि इसे सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के दर्शकों ने भी खूब सराहा, लेकिन अब इस हिट शो पर विवादों के बादल मंडराने लगे हैं. शो में लीड रोल निभा रहे पार्थ समथान, ऋषिता कोठारी और माही विज की तिकड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया.
खासकर पार्थ और ऋषिता की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ने लोगों का दिल जीत लिया था. हालांकि, अब खबरें हैं कि ऑफस्क्रीन दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा. पिछले कुछ दिनों में शो से जुड़ी कई नेगेटिव खबरें सामने आईं. पहले माही विज के शो छोड़ने की चर्चा हुई, जिससे फैंस को झटका लगा क्योंकि उन्होंने इसी शो से लंबे समय बाद टीवी पर वापसी की थी.
इसके बाद पार्थ समथान ने सोशल मीडिया से ब्रेक लेने का ऐलान कर दिया. उन्होंने इशारों में कहा कि उनकी फैमिली को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे मामला और गरम हो गया. पार्थ के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर ऋषिता कोठारी को ट्रोल किया जाने लगा.
कुछ लोगों ने उन पर आरोप लगाया, कि वे अपने को-एक्टर के खिलाफ निगेटिव पीआर कर रही हैं. हालांकि, ऋषिता ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए, कहा कि वे निजी जिंदगी में शांत रहना पसंद करती हैं, और उन्हें किसी के खिलाफ ऐसा करने की जरूरत नहीं है.
जब ऋषिता से पार्थ के साथ उनके रिश्ते के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि दोनों के बीच सिर्फ प्रोफेशनल रिश्ता है. सेट पर सभी कलाकार अपने-अपने काम में बिजी रहते हैं. वहीं उन्होंने कहा कि पर्सनल बॉन्डिंग के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाता.
उनका फोकस सिर्फ इतना होता है, कि स्क्रीन पर उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को असली लगे. हालांकि, सूत्रों की मानें तो दोनों के बीच मनमुटाव इतना बढ़ गया, कि इसका असर शूटिंग पर भी पड़ा. कहा जा रहा है, कि सेट का माहौल खराब होने के कारण शूटिंग तक रोकनी पड़ी.
बहरहाल, गौर करने वाली बात ये है, कि 'रमजान' के दौरान शो की कहानी को जिस संवेदनशीलता से पेश किया गया, उसकी हर तरफ तारीफ हुई थी. ऐसे में अगर कलाकारों के बीच का विवाद बढ़ता है, तो इसका असर शो की सफलता पर पड़ सकता है. अब देखना होगा, कि ये विवाद सुलझता है या 'सहर होने को है' की चमक फीकी पड़ती है.