---विज्ञापन---
पति के खातिर छोड़ा बॉलीवुड, आज 120 करोड़ की मालकिन हैं ये एक्ट्रेस, जानें कौंन?
बॉलीवुड में कई ऐसे सितारे आए, जिन्होंने कुछ ही फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाई और फिर अचानक इंडस्ट्री से दूर हो गए. ऐसी ही एक एक्ट्रेस हैं पेरिजाद जोराबियन, जिन्होंने अमिताभ बच्चन जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया, लेकिन शादी और परिवार को प्राथमिकता देते हुए फिल्मों को अलविदा कह दिया. आज वही पेरिजाद 120 करोड़ रुपये के सालाना कारोबार वाली कंपनी की कमान संभाल रही हैं और करीब 700 लोगों को रोजगार दे रही हैं.
कहां की रहने वाली हैं एक्ट्रेस?
मुंबई के एक ईरानी परिवार में जन्मीं पेरिजाद बचपन से ही अपने पिता की तरह बिजनेस करना चाहती थीं. भारत में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने न्यूयॉर्क से MBA किया. वहीं एक्टिंग और थिएटर में उनकी दिलचस्पी बढ़ी और उन्होंने एक साल तक अभिनय की ट्रेनिंग भी ली.
कैसे मिला पहला मौका?
भारत लौटने के बाद पेरिजाद अपने पिता के पोल्ट्री बिजनेस से जुड़ गईं. इसी दौरान एक पारिवारिक समारोह में एक मॉडल कोऑर्डिनेटर की नजर उन पर पड़ी और उन्हें फेयर एंड लवली का विज्ञापन मिल गया. यही विज्ञापन उनके लिए बॉलीवुड का दरवाजा खोलने वाला साबित हुआ.
इन फिल्मों से बनाई पहचान
इसके बाद उन्होंने Bollywood Calling , Joggers Park , Morning Raga , Mumbai Matinee और Ek Ajnabee जैसी फिल्मों में काम किया. खास तौर पर अमिताभ बच्चन के साथ उनकी फिल्म Ek Ajnabee को दर्शकों ने खूब पसंद किया. हालांकि पेरिजाद हमेशा मानती थीं कि उन्हें कभी मेनस्ट्रीम स्टारडम नहीं मिली.
पिता का संभाला बिजनेस
एक्टिंग के साथ-साथ वह अपने पिता के बिजनेस में भी सक्रिय थीं. बाद में उनके पिता ने कहा कि उन्हें फिल्मों और कारोबार में से किसी एक को चुनना होगा. उस समय उन्होंने एक्टिंग जारी रखी, लेकिन शादी के बाद उनकी जिंदगी बदल गई.
परिवार के लिए छोड़ा बॉलीवुड
33 साल की उम्र में शादी करने के बाद पेरिजाद ने परिवार को अपनी पहली प्राथमिकता बना लिया. उनके पति चाहते थे कि वह ज्यादा ट्रैवल न करें और पेरिजाद भी मां बनना चाहती थीं. इसी वजह से उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली. बताया जाता है कि उन्होंने Black & White और Salaam-E-Ishq जैसी फिल्मों के ऑफर भी ठुकरा दिए.
थिएटर और टीवी से नहीं तोड़ा रिश्ता
हालांकि उन्होंने थिएटर और टीवी से अपना रिश्ता नहीं तोड़ा. इसी बीच उन्होंने अपने पिता के बिजनेस की जिम्मेदारी संभाली और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. कभी आर्थिक चुनौतियों से जूझने वाला यह कारोबार आज करीब 120 करोड़ रुपये के सालाना टर्नओवर वाली कंपनी बन चुका है, जहां लगभग 700 लोग काम करते हैं.
एक्टिंग में कर सकती हैं वापसी?
फिलहाल, पेरिजाद जोराबियन एक्टिंग में वापसी की कोई जल्दबाजी में नहीं हैं. लेकिन उनका कहना है कि अगर भविष्य में कोई दमदार और चुनौतीपूर्ण किरदार मिला, तो वह एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आ सकती हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.