---विज्ञापन---
इस हिट फिल्म के लिए 50 दिन तक नहीं नहाया था ये एक्टर, अब 4000 करोड़ की ‘रामायण’ में निभाएंगे महर्षि अगस्त्य का अहम किरदार
'रामायण' का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होने वाला है और फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है. करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस मेगा फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. लेकिन इन बड़े नामों के बीच एक ऐसा कलाकार भी है, जिसकी अपने काम के प्रति दीवानगी आज भी लोगों को हैरान कर देती है. यह अभिनेता हैं मुकेश तिवारी, जो फिल्म में महर्षि अगस्त्य का महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं.
50 दिन तक नहीं नहाया था एक्टर
मुकेश तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत राजकुमार संतोषी की फिल्म 'चाइना गेट' से की थी. पहली ही फिल्म में उन्हें एक खतरनाक डाकू का रोल मिला और इस किरदार को पूरी तरह असली दिखाने के लिए उन्होंने ऐसा कदम उठाया, जिसकी आज भी चर्चा होती है.
लुक को बनाया एकदम रियल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुकेश तिवारी करीब 50 दिनों तक नहीं नहाए थे, ताकि उनका लुक जंगलों में रहने वाले डाकू जैसा दिखे. उन्होंने लंबे समय तक दाढ़ी और बाल भी नहीं कटवाए. हालांकि, सेट पर मौजूद लोगों को परेशानी न हो, इसलिए वह खुद पर खूब परफ्यूम लगाते थे. कहा जाता है कि शूटिंग के दौरान उनका रफ और खौफनाक लुक इतना असली लगता था कि लोग उन्हें देखकर चौंक जाते थे.
कई फिल्मों में निभाए दमदार किरदार
'चाइना गेट' के बाद मुकेश तिवारी ने कई फिल्मों में दमदार किरदार निभाए, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 'गोलमाल' सीरीज के वसूली भाई के रोल से मिली. उनकी कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज ने उन्हें दर्शकों का पसंदीदा कलाकार बना दिया.
'रामायण' का बनेंगे अहम हिस्सा
अब मुकेश तिवारी नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' का हिस्सा हैं. इसमें वह महर्षि अगस्त्य की भूमिका निभा रहे हैं, जिनका 'रामायण' की कहानी में बेहद खास स्थान है. वनवास के दौरान भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण महर्षि अगस्त्य के आश्रम पहुंचते हैं. वहीं महर्षि अगस्त्य भगवान राम को दिव्य अस्त्र-शस्त्र प्रदान करते हैं, जिन्हें रावण के खिलाफ युद्ध में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.
जल्द रिलीज होगा ट्रेलर
'रामायण' के ट्रेलर का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है. ऐसे में फिल्म की स्टारकास्ट के साथ-साथ मुकेश तिवारी जैसे अनुभवी कलाकारों के किरदार भी लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर महर्षि अगस्त्य के रूप में वह दर्शकों का दिल किस तरह जीतते हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.