---विज्ञापन---
कपिल शर्मा और उनकी ‘Ex-गर्लफ्रेंड’ के बीच खत्म हुई 8 साल पुरानी दुश्मनी? किया हैरान करने वाला खुलासा
मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा का करियर जितना शानदार रहा है, उनकी पर्सनल लाइफ भी उतनी ही विवादों से घिरी रही है. एक समय ऐसा भी था जब कपिल गंभीर डिप्रेशन का सामना कर रहे थे और उनके कई करीबियों से रिश्ते बेहद खराब हो गए थे. इसी दौरान साल 2017-18 के बीच उनका अपनी क्रिएटिव डायरेक्टर और कथित एक्स-गर्लफ्रेंड प्रीति सिमोस के साथ हुआ झगड़ा मीडिया में खूब उछला था. दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे और मामला पुलिस तक पहुंच गया था. अब पूरे 8 साल बीतने के बाद प्रीति सिमोस ने कपिल शर्मा संग अपने मौजूदा रिश्तों को लेकर एक बेहद हैरान करने वाला खुलासा किया है.
पुलिस केस तक पहुंचा था पुराना विवाद
साल 2018 में जब कपिल शर्मा सोनी टीवी के शो के दौरान गहरे निजी संघर्षों से गुजर रहे थे, तब उन्होंने प्रीति सिमोस और उनकी बहन नीति पर छवि बिगाड़ने और पैसा वसूली करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. कपिल ने इस मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी. हालांकि, उस समय प्रीति ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से झूठा और बेबुनियाद करार दिया था.
अब अच्छे माहौल में होती है मुलाकात
8 साल पुराने इस बड़े विवाद को पीछे छोड़ते हुए प्रीति सिमोस ने बताया कि अब उनके बीच कड़वाहट पूरी तरह खत्म हो चुकी है. उन्होंने कहा कि हमारी बातचीत होती है, हालांकि यह रेगुलर (रोजाना) नहीं है. लेकिन जब भी हम मिलते हैं, तो बहुत अच्छे माहौल में मिलते हैं. हम दोनों ने अपनी-अपनी राह में काफी तरक्की की है और कपिल हमेशा इस बात को लेकर बहुत सपोर्टिव रहे हैं.
मीडिया की वजह से बिगड़ी थीं चीजें
प्रीति ने अपने इंटरव्यू में माना कि उनके और कपिल के बीच मतभेद काम करने के तरीके को लेकर भी हो सकते थे, लेकिन मीडिया के शामिल होने से चीजें ज्यादा खराब हो गईं. उन्होंने कहा कि जब वह एक हाई-प्रोफाइल रिश्ते में थीं, तब मीडिया ने उनका पक्ष जाने बिना उन्हें गलत तरीके से पेश किया. हर बार अलग होने के पीछे कोई बड़ी या गंदी वजह होना जरूरी नहीं होता, लेकिन यह सिलसिला लंबे समय तक खींचा गया.
सुनील ग्रोवर हैं हमारे परिवार जैसे
प्रीति ने बताया कि कपिल के शो से जुड़े रहे सुनील ग्रोवर आज भी उनके लिए परिवार के सदस्य की तरह हैं. उन्होंने खुशी जताई कि कपिल और सुनील के बीच का विवाद भी अब खत्म हो चुका है और दोनों नेटफ्लिक्स पर फिर से साथ काम कर रहे हैं. प्रीति ने माना कि इमोशनल कनेक्शन होने के कारण वह अब कपिल का शो नहीं देखतीं, लेकिन जब सुनील उन्हें कुछ क्लिप्स भेजते हैं, तो वह उन्हें जरूर देख लेती हैं.
टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं प्रीति
कपिल शर्मा के दोनों ब्लॉकबस्टर शोज 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' और 'द कपिल शर्मा शो' को प्रोड्यूस करने वाली प्रीति सिमोस टीवी इंडस्ट्री का एक बहुत बड़ा नाम हैं. हालांकि कपिल और उनके अफेयर की अफवाहें खूब उड़ीं, लेकिन दोनों ने कभी इसे स्वीकार नहीं किया. इन दिनों प्रीति ज़ी टीवी पर अपना नया रियलिटी शो 'मां है ना' लेकर आई हैं, जिसे बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी होस्ट कर रही हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.