---विज्ञापन---
जुलाई के पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर मचेगा तहलका, एक साथ रिलीज हो रही हैं 5 बड़ी फिल्में
महीने की शुरुआत के साथ ही सिनेमा लवर्स के लिए मनोरंजन का बड़ा धमाका होने वाला है. जुलाई के पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 5 बड़ी फिल्में एक साथ रिलीज होने के लिए तैयार हैं. इनमें बॉलीवुड की बड़ी स्पाई थ्रिलर से लेकर हॉलीवुड की डार्क थ्रिलर और साउथ की पौराणिक एडवेंचर फिल्म तक शामिल हैं. दर्शकों के लिए इस वीकेंड थिएटर्स में एक्शन, रोमांस और सस्पेंस का पूरा पैकेज मिलने वाला है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी.
Alpha
वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म 'अल्फा' 3 जुलाई को रिलीज होने जा रही है. इस यूनिवर्स में यह पहली फिल्म है जिसमें महिला जासूसों को लीड रोल में रखा गया है. फिल्म में आलिया भट्ट एक लेडी हिटमैन सीता के किरदार में हैं, जो अपने भ्रष्ट सौतेले पिता और विलेन बॉबी देओल के गैर-कानूनी आर्मी प्रोग्राम को खत्म करने के मिशन पर निकलती है. इस सफर में उनका साथ शर्वरी वाघ देती नजर आएंगी. फिल्म में अनिल कपूर भी अहम रोल में हैं और ऋतिक रोशन का एक धमाकेदार कैमियो भी देखने को मिलेगा.
Baby Do Die Do
क्राइम और एक्शन से भरपूर फिल्म 'बेबी डू डाई डू' भी 3 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. फिल्म की कहानी बेबी करमरकर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सुन और बोल नहीं सकती है. वह दिन में एक एनजीओ में काम करती है और रात में मुंबई की एक खतरनाक कॉन्ट्रैक्ट किलर बन जाती है. उसकी जिंदगी में मोड़ तब आता है जब उसका एक मिशन फेल हो जाता है और उसे अपनी जान बचाने के लिए अंडरवर्ल्ड से लड़ना पड़ता है. इस फिल्म को हुमा कुरैशी और उनके भाई साकिब सलीम की प्रोडक्शन कंपनी ने बनाया है.
Nagabandham: The Secret Treasure
साउथ सिनेमा से 'नागबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर' भी इसी वीकेंड यानी 3 जुलाई को तेलुगु के साथ हिंदी डब वर्जन में रिलीज होने जा रही है. यह पौराणिक कथाओं और इतिहास पर आधारित एक शानदार एक्शन एडवेंचर फिल्म है. कहानी एक ऐसे योद्धा की है जिसे हिमालय के एक प्राचीन मंदिर में छिपे 'नागबंधम' नाम के जादुई बंधन और खजाने की रक्षा करने का काम सौंपा जाता है. फिल्म में विदेशी आक्रमणकारियों और प्राचीन संस्कृति के रक्षकों के बीच जबरदस्त संघर्ष दिखाया गया है.
The Death of Robin Hood
हॉलीवुड फिल्मों के शौकीनों के लिए 3 जुलाई को 'द डेथ ऑफ रॉबिन हुड' रिलीज हो रही है. यह फिल्म अंग्रेजी भाषा में ही देखने को मिलेगी. इसमें मशहूर एक्टर ह्यू जैकमैन ने रॉबिन हुड की भूमिका निभाई है, लेकिन यह कहानी पारंपरिक लोककथाओं से बिल्कुल अलग है. फिल्म में रॉबिन हुड को एक थके हुए और क्रूर हत्यारे के रूप में दिखाया गया है जो अपने अतीत की गलतियों से परेशान होकर एक मठ में छिपकर रहता है.
Minions And Monsters
इन सभी फिल्मों से पहले गुरुवार यानी 2 जुलाई को एनिमेटेड कॉमेडी फिल्म 'मिनियन्स एंड मॉन्स्टर्स' रिलीज हो जाएगी, जिसे दर्शक हिंदी में भी देख सकेंगे. यह मशहूर मिनियन्स फ्रैंचाइजी की सातवीं फिल्म है. इसकी कहानी 1920 के दशक के हॉलीवुड पर आधारित है, जहां पीले और शरारती मिनियन्स अपनी खुद की एक मॉन्स्टर फिल्म बनाने की कोशिश करते हैं. लेकिन इस दौरान उनसे गलती से दूसरी दुनिया का एक बेहद खतरनाक जीव धरती पर आ जाता है, जिसे रोकने के लिए सभी मिनियन्स को एकजुट होना पड़ता है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.