---विज्ञापन---
39 साल की शादी के बाद भी क्यों आई गोविंदा-सुनीता आहूजा के रिश्ते में कड़वाहट? तलाक की रूमर्स के बीच जानें पूरा बवाल
गोविंदा और सुनीता आहूजा का रिश्ता एक बार फिर सुर्खियों में है. सुनीता को मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर देखे जाने के बाद उनके तलाक की अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि, सुनीता तलाक की नई अर्जी दाखिल करने नहीं, बल्कि पहले से चल रहे मामले को वापस लेने कोर्ट पहुंची थीं. सुनीता ने गोविंदा के कथित अफेयर्स और उनकी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार को लेकर भी तीखी टिप्पणी की थी, जिस पर गोविंदा ने नाराजगी जाहिर की.
बॉलीवुड के सुपरस्टार रहे गोविंदा इन दिनों अपने काम के लिए नहीं, बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ में चल रहे विवाद को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. काफी समय से सुनीता आहूजा और गोविंदा के रिश्ते में कड़वाहट की खबरें सामने आती रही हैं. इतना ही नहीं, दोनों एक-दूसरे के खिलाफ अक्सर बयानबाजी करते हुए भी नजर आते हैं. हाल ही में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा को मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर देखा गया. इसके बाद लगातार अफवाहें उड़ने लगीं कि क्या दोनों का तलाक होने वाला है. हालांकि, कुछ ही घंटों बाद गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया कि सुनीता तलाक की अर्जी देने नहीं गई थीं, बल्कि वह पहले से चल रहे मामले को वापस लेने गई थीं.
सुनीता ने वापस लिया तलाक का केस
दरअसल, खबरों के मुताबिक, सुनीता आहूजा ने 5 दिसंबर 2024 को मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक का मामला दायर किया था. वहीं, साल 2025 में एक इंटरव्यू के दौरान गोविंदा ने अपने और सुनीता के रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी. उन्होंने कहा था कि वह आधिकारिक तौर पर अलग नहीं हो रहे हैं. हालांकि, उनके तलाक को लेकर अदालत में एक मामला जरूर चल रहा था. अब सुनीता आहूजा ने इस मामले को वापस ले लिया है.
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ था केस
बता दें कि द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, हिंदू मैरिज एक्ट, 1955 की धारा 13(1)(i), 13(1)(ia) और 13(1)(ib) के तहत मामला दर्ज किया गया था. इनमें क्रूरता, परित्याग और व्यभिचार जैसे आधार शामिल हैं, जिनके आधार पर सुनीता ने गोविंदा से तलाक की मांग की थी.
सुनीता ने गोविंदा को सुनाई खरी-खोटी
गोविंदा का नाम अक्सर उनकी सह-कलाकारों के साथ जोड़ा जाता रहा है. इस बारे में सुनीता आहूजा भी कई बार खुले तौर पर बात करती नजर आई हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने 'लॉक अप 2' में भी इस बारे में कई बार बात की थी और दावा किया था कि गोविंदा के अफेयर्स रहे हैं. हालांकि, इन दिनों सुनीता आहूजा गोविंदा की आने वाली फिल्म 'रूपा' में उनकी सह-कलाकार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनके रिश्ते पर सवाल उठा रही हैं. बीते दिनों उन्होंने गुस्से में यहां तक कह दिया, "बेटी की उम्र की लड़की लेकर घूम रहा है। शर्म आनी चाहिए." सुनीता ने गुस्से में कहा, "फिल्म बननी भी तो चाहिए. फिल्म बनने के बाद ही उसका प्रमोशन होता है। क्या बोलने का... बेटी की उम्र की लड़की लेकर घूम रहा है. उसे थोड़ी शर्म आनी चाहिए और एक स्तर भी होना चाहिए. तुम्हारा 'शुगर डैडी' इतना अमीर है, तो कपड़े तो ढंग के पहनो. हम लोगों को देखो, हम किस स्टाइल में चलते हैं. बहुत बुरा है, इसने अपना दिमाग खो दिया है."
गोविंदा ने किया था पलटवार
वहीं, सुनीता के इन बयानों पर गोविंदा काफी नाराज हो गए. उन्होंने कहा, "आप कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं, ताकि मैं लोगों की नजरों से गिर जाऊं. शोहरत, इज्जत और दौलत सब मिली हुई है. ऊपर वाले ने दी हैं. इसका मतलब यह नहीं कि जिसके पास ये सब नहीं है, उसे आप जलील करें. आप अपनी हद में रहिए."
लॉक अप 2 में सुनीता ने गोविंदा के अफेयर पर खोला था राज
बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब दोनों के बीच इस तरह का विवाद देखने को मिला है. इससे पहले भी सुनीता गोविंदा को लेकर कुछ न कुछ कहती नजर आती रही हैं. 'लॉक अप 2' में जब उन्होंने गोविंदा के अफेयर्स को लेकर खुलासा किया था, तब सभी हैरान रह गए थे. वहीं, शो में गोविंदा ने भी एंट्री ली थी और सुनीता की बातों पर नाराजगी जाहिर की थी.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.