---विज्ञापन---
Drishyam 3 Box Office Collection Day 5: मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ के आगे सोमवार को पस्त हुई ‘करुप्पू’ और ‘चांद मेरा दिल’, जानें कितना हुआ कलेक्शन?
Box Office Collection: सिनेमाघरों में इन दिनों कई बड़ी फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रही है. खासकर साउथ के दो दिग्गज अभिनेताओं मोहनलाल और सूर्या की फिल्मों के बीच टिकट खिड़की पर कड़ी टक्कर चल रही है. कामकाजी सोमवार (Working Monday) को मोहनलाल की सस्पेंस-थ्रिलर 'दृश्यम 3' (Drishyam 3) का जलवा कायम रहा, जिसने सूर्या की 'करुप्पू' और बॉलीवुड फिल्म 'चांद मेरा दिल' को पछाड़ते हुए शानदार पकड़ बनाई है. फिल्म ने महज 5 दिनों में ही 57 करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस कर लिया है.
'दृश्यम 3' की शानदार रफ्तार
मोहनलाल की 'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी. फिल्म ने पहले दिन 15.85 करोड़, दूसरे दिन 11.05 करोड़ और तीसरे दिन 13.70 करोड़ रुपये बटोरे थे. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने अपने पांचवें दिन (सोमवार) 3.39 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे इसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन 57.84 करोड़ रुपये हो गया है.
150 करोड़ के पार पहुंची सूर्या की 'करुप्पू'
सुपरस्टार सूर्या और तृषा कृष्णन स्टारर एक्शन-ड्रामा फिल्म 'करुप्पू' का बॉक्स ऑफिस पर एकछत्र राज देखने को मिल रहा है. इस फिल्म ने बीते रविवार को भारी-भरकम 14.45 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था. वहीं सोमवार को शाम 6 बजे तक फिल्म 2.70 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है, जिससे इसका भारत में कुल नेट कलेक्शन 151.55 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है.
'चांद मेरा दिल' का मंडे टेस्ट
अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी स्टारर 'चांद मेरा दिल' 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. मिले-जुले रिव्यूज के बावजूद फिल्म ने सोमवार को शाम 6 बजे तक 4.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. रिलीज के चार दिनों में इस फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 12.10 करोड़ रुपये हो गया है.
मंडे टेस्ट में 'दृश्यम 3' की बादशाहत
किसी भी फिल्म के लिए रिलीज के बाद पहला सोमवार (Monday Test) बेहद अहम माना जाता है. इस मामले में 'दृश्यम 3' के कलेक्शन में गिरावट बेहद कम रही है, जो यह दर्शाता है कि फिल्म को देखने के लिए वर्किंग डेज में भी दर्शक थिएटर्स तक पहुंच रहे हैं और इसे मजबूत माउथ पब्लिसिटी (Word of Mouth) का फायदा मिल रहा है.
साउथ बनाम बॉलीवुड की जंग
इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह से साउथ सिनेमा का बोलबाला नजर आ रहा है. जहां 'करुप्पू' (150 करोड़+) और 'दृश्यम 3' (57 करोड़+) धुआंधार कमाई कर रही हैं, वहीं धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बॉलीवुड फिल्म 'चांद मेरा दिल' को उनके मुकाबले काफी धीमी शुरुआत मिली है और वह बॉक्स ऑफिस पर अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही है.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.