Subhash Ghai: हाल ही में आई निर्देशक इम्तियाज अली की नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की देशभर में जमकर तारीफ हो रही है. इसके किरदार और कहानी की खूब सरहना हो रही है. हाल ही में फिल्ममेकर सुभाष घई ने भी इम्तियाज की इस फिल्म की तारीफ की और उन्होंने इसे एक खूबसूरत प्रेम कहानी बताया.
सुभाष घई ने की ‘मैं वापस आऊंगा’ की तारीफ
अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म से एक तस्वीर शेयर करते हुए सुभाष घई ने फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने लिखा, ‘मेरे दोस्त इम्तियाज अली को उनकी अनोखी शैली में इतनी सुंदर फिल्म बनाने और सिनेमा के पर्दे पर कमाल दिखाने के लिए बधाई.’
कलाकारों के काम को सराहा
आगे सुभाष घई ने फिल्म के सभी कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा कि नसीरुद्दीन शाह ने दमदार अभिनय किया है. नए कलाकार वेदांग रैना और शरवरी के काम को भी उन्होंने सराहा. इसके साथ ही उन्होंने दिलजीत दोसांझ के एक्टिंग की भी तारीफ की. सुभाष घई की इस तारीफ पोस्ट के कमेंट में फिल्म के लीड एक्टर वेदांग रैना ने लिखा, ‘आपसे ये सुनकर मुझे बहुत खुशी हुई. आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.’
‘मैं वापस आऊंगा’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ दर्शकों को काफी पसंद आ रही है. पहले वीकेंड फिल्म ने थोड़ी धीमी शुरुआत की, लेकिन बाद में थिएटर्स में बढ़ती मांग को देखते हुए इसके शो बढ़ा दिए गए. दर्शकों और सेलेब्स से लगातार इस फिल्म को तारीफ मिल रही है. ‘मैं वापस आऊंगा’ ने 23 जून यानी रिलीज के 12वें दिन दूसरे मंगलवार को ₹3.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹35.54 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹29.85 करोड़ हो गया है. विदेशों में, फिल्म ने 12वें दिन ₹0.50 करोड़ कमाए, जिससे इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन ₹12.60 करोड़ हो गया है. इस तरह, फिल्म का दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹48.14 करोड़ हो गया है.