Sonu Sood on Lucknow Coaching Centre Fire: हाल ही में हुए लखनऊ में हुई आग की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है. एक बिल्डिंग में लगी आग से करीब 15 लोगों ने अपनी जान गवां दी. बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने इस पूरी घटना पर दुख जताया है. साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा से बड़े सवाल भी किए.
लखनऊ अग्निकांड पर भावुक हुए सोनू सूद
सोनू सूद ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर करते हुए इस घटना पर दुख जताया. भावुक शब्दों में उन्होंने लिखा, ‘क्लासरूम सपनों को संवारने की जगह होनी चाहिए, न कि उनका आखिरी ठिकाना. लखनऊ की आग की घटना से दिल टूट गया है. कितनी युवा जानें. कितने सपने. भविष्य के अधिकारी, कलाकार, नेता और बदलाव लाने वाले लोग, जिनका सफर शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया. जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दुख को कम करने के लिए कोई शब्द नहीं हैं.’

एक्टर ने सुरक्षा पर उठाए बड़े सवाल
आगे सोनू सूद ने लिखा, मेरी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं और उनके साथ भी जो ठीक होने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. इन बच्चों के लिए हमारे पास सिर्फ आंसू ही नहीं, बल्कि और भी बहुत कुछ है. हमें उन्हें सुरक्षित जगहें और सुरक्षा के कड़े इंतजाम देने चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा कभी न हों.’
भीषण आग ने ले ली 15 लोगों की जान
मालूम हो, बीते दिन लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई थी, जिससे लगभग 14-15 लोगों की जान चली गई. यहां मौजूद कई छात्र-छात्राएं बुरी तरह घायल हो गए. इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाने की बात कही है.