---विज्ञापन---
आखिर किस बीमारी ने तोड़ा अलका याग्निक का शरीर ? 2 साल से नहीं गाया एक भी गाना, व्हील चेयर पर बैठी दिखीं सिंगर
Alka Yagnik Disease: बॉलीवुड की सुरों की मलिका अलका याग्निक पिछले दो साल से लाइमलाइट से दूर हैं. हाल ही में उन्हें देश के प्रतिष्ठित सम्मान पद्म भूषण से नवाजा गया. इस खास मौके पर जब अलका समारोह में पहुंचीं तो उन्हें व्हीलचेयर पर देखकर उनके फैंस भावुक हो गए. सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं और लोगों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई.
कौनसी बीमारी से जूझ रहीं अलका?
दरअसल, अलका याग्निक एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही हैं, जिसकी वजह से उनकी जिंदगी और करियर दोनों प्रभावित हुए हैं. साल 2024 में सिंगर ने खुद सोशल मीडिया के जरिए खुलासा किया था कि उन्हें सेंसोरीन्यूरल हियरिंग लॉस (SNHL) नाम की बीमारी हो गई है. यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति की सुनने की क्षमता गंभीर रूप से प्रभावित हो जाती है.
क्या होता है इस बीमारी में?
अलका ने बताया था कि एक वायरल संक्रमण के बाद अचानक उनकी सुनने की शक्ति कमजोर होने लगी. उन्होंने उस डरावने अनुभव को याद करते हुए कहा था कि फ्लाइट से बाहर निकलते समय उन्हें महसूस हुआ कि वे आसपास की आवाजें ठीक से नहीं सुन पा रही हैं. जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें सेंसोरीन्यूरल नर्व हियरिंग लॉस हुआ है.
क्या है सेंसोरीन्यूरल हियरिंग लॉस?
यह बीमारी अंदरूनी कान या सुनने वाली नसों को प्रभावित करती है. इसके कारण दिमाग तक आवाजों के सही सिग्नल नहीं पहुंच पाते. बढ़ती उम्र, वायरल संक्रमण, चोट या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं इसकी वजह बन सकती हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक इस बीमारी में समय पर इलाज बेहद जरूरी होता है, क्योंकि देरी होने पर सुनने की क्षमता वापस पाना मुश्किल हो सकता है.
अलका याग्निक के प्रोफेशनल करियर पर पड़ा असर
इस बीमारी का असर अलका याग्निक के प्रोफेशनल करियर पर भी पड़ा है. लंबे समय से उन्होंने किसी नए गाने की रिकॉर्डिंग नहीं की है. हालांकि म्यूजीशियन उन्हें अपने प्रोजेक्ट्स में शामिल करना चाहते हैं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से अलका पूरी तरह काम पर वापसी नहीं कर पाई.
फैंस कर रहे दुआ
अलका का आखिरी रिकॉर्डेड गाना इम्तियाज अली की फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' का 'नरम कालजा' था, जिसे ए. आर. रहमान ने कंपोज किया था. इसके बाद से उनकी आवाज किसी नए रिलीज में सुनाई नहीं दी है. फैंस अब यही दुआ कर रहे हैं कि अलका याग्निक जल्द स्वस्थ होकर फिर से अपनी मधुर आवाज से संगीत प्रेमियों का दिल जीतें.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.