---विज्ञापन---
ओटीटी पर चुपके से रिलीज हुई ये क्राइम-थ्रिलर फिल्म, अब उड़ेगा असली गर्दा

फिल्म प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप की फिल्म 'कैनेडी', जिसका लोग काफी समय से इंतजार कर रहे थे, अब चुपके से ओटीटी पर रिलीज हो गई है. यह फिल्म साल 2023 से ही चर्चा में थी क्योंकि इसने विदेशों में खूब नाम कमाया था, लेकिन भारत में यह दर्शकों तक नहीं पहुंच पा रही थी. अब 20 फरवरी को इसे ZEE5 पर रिलीज कर दिया गया है. फिल्म में सनी लियोनी और राहुल भट्ट ने अपनी एक्टिंग से सबका दिल जीत लिया है.

कान फिल्म फेस्टिवल में जलवा- इस फिल्म ने सबसे पहले दुनिया के सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल 'कान' (Cannes) में तहलका मचाया था. जब वहां यह फिल्म दिखाई गई, तो लोगों को यह इतनी पसंद आई कि उन्होंने खड़े होकर 7 मिनट तक तालियां बजाई थीं. यह किसी भी भारतीय फिल्म के लिए बहुत गर्व की बात है.

क्या है कहानी- फिल्म की कहानी एक ऐसे पूर्व पुलिस वाले के बारे में है, जिसे दुनिया मरा हुआ मान चुकी है. लेकिन वह जिंदा है और भ्रष्टाचार को मिटाने के जुनून में डूबा हुआ है. वह एक टैक्सी ड्राइवर की पहचान छिपाकर पुलिस कमिश्नर के लिए 'हिटमैन' (सुपारी किलर) का काम करता है और रात के अंधेरे में बुरे लोगों को ठिकाने लगाता है.

राहुल और सनी की शानदार एक्टिंग- राहुल भट्ट ने फिल्म में 'कैनेडी' का मुख्य किरदार निभाया है और उनकी गंभीर एक्टिंग की हर तरफ तारीफ हो रही है. वहीं सनी लियोनी ने भी एक बहुत ही अलग और यादगार रोल किया है. लोगों का कहना है कि इन दोनों की जोड़ी और परफॉर्मेंस ने फिल्म में जान डाल दी है.

एक अनोखा रिकॉर्ड- भारत में रिलीज होने से पहले इस फिल्म ने एक खास रिकॉर्ड बनाया. 10 दिसंबर 2025 को इसे 'Letterboxd’s Video Store' पर लॉन्च किया गया था. ऐसा सम्मान पाने वाली यह इकलौती भारतीय फिल्म है. इससे पता चलता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस फिल्म की कितनी साख है

सोशल मीडिया पर रिएक्शन- जैसे ही फिल्म ZEE5 पर आई, एक्स पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. लोग इसे अनुराग कश्यप की 'असली स्टाइल' वाली फिल्म बता रहे हैं. जो लोग डार्क क्राइम थ्रिलर पसंद करते हैं, उनके लिए यह फिल्म एक बेहतरीन तोहफा साबित हो रही है.