Grammy Awards 2027 Nominations: म्यूजिक की दुनिया के सबसे बड़े अवॉर्ड्स में शुमार ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 के नॉमिनेशन सामने आ गए हैं. इस बार ब्रिटिश सिंगर रे ने अपने नाम का ऐसा डंका बजाया है कि हर तरफ उनकी चर्चा हो रही है. रे को सबसे ज्यादा 11 नॉमिनेशन मिले हैं. वहीं, स्पेनिश सिंगर रोसालिया 9 नॉमिनेशन के साथ दूसरे नंबर पर हैं. दूसरी तरफ टेलर स्विफ्ट ने भी एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसने उनके फैंस को खुशी से झूमने का मौका दे दिया है.
रे ने मारी बाजी, रोसालिया दूसरे नंबर पर
ग्रैमी अवॉर्ड्स के 69वें संस्करण के लिए रिकॉर्डिंग एकेडमी ने 16 नवंबर को नॉमिनेशन का ऐलान किया. इस बार 12 क्षेत्रों की 100 कैटेगरी में कलाकारों को जगह मिली है. ब्रिटिश सिंगर रे, जिनका असली नाम रेचल अगाथा कीन है, 11 नॉमिनेशन के साथ सबसे आगे हैं. वहीं, स्पेनिश सिंगर रोसालिया को 9 नॉमिनेशन मिले हैं. इसके अलावा ओलिविया डीन, ब्रूनो मार्स, एला लैंगली और फीबी ब्रिजर्स जैसे कलाकार भी अलग-अलग कैटेगरी में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं.
टेलर स्विफ्ट ने बनाया खास रिकॉर्ड
इस बार ग्रैमी नॉमिनेशन में सबसे ज्यादा चर्चा टेलर स्विफ्ट के नाम की भी हो रही है. उनके एल्बम ‘द लाइफ ऑफ ए शोगर्ल’ को ‘एल्बम ऑफ द ईयर’ कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है. इसके साथ ही टेलर लगातार पांच स्टूडियो एल्बम के लिए इस प्रतिष्ठित कैटेगरी में नॉमिनेट होने वाली दूसरी आर्टिस्ट बन गई हैं. उनसे पहले केंड्रिक लैमर भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. ऐसे में टेलर के फैंस को अब अवॉर्ड समारोह का बेसब्री से इंतजार है.
कब होगा वोटिंग का फैसला?
इस बार ग्रैमी अवॉर्ड्स में 31 अगस्त 2025 से 28 अगस्त 2026 के बीच रिलीज हुए म्यूजिक को शामिल किया गया है. रिकॉर्डिंग एकेडमी के करीब 16 हजार वोटिंग सदस्य 10 दिसंबर 2026 से 7 जनवरी 2027 के बीच वोट करेंगे.
इन कैटेगरी में किसे मिला नॉमिनेशन?
‘रिकॉर्ड ऑफ द ईयर’ कैटेगरी में ओलिविया डीन के ‘मैन आई नीड’, एला लैंगली के ‘चूजिन टेक्सास’, ब्रूनो मार्स के ‘आई जस्ट माइट’ और रे के ‘वेयर इज माय हस्बैंड!’ को जगह मिली है.
वहीं, ‘एल्बम ऑफ द ईयर’ में फीबी ब्रिजर्स के ‘लॉस्ट वीकेंड’, ओलिविया डीन के ‘द आर्ट ऑफ लविंग’, एला लैंगली के ‘डैंडेलियन’, ब्रूनो मार्स के ‘द रोमांटिक’ और रे के ‘दिस म्यूजिक मे कंटेन होप’ को नॉमिनेशन मिला है.
‘बेस्ट न्यू आर्टिस्ट’ कैटेगरी में एंजाइन डी पोइट्राइन, गीस, एला लैंगली, स्लेयटर और सिएना स्पिरो को जगह मिली है. अब देखना दिलचस्प होगा कि 2027 में ग्रैमी का सबसे बड़ा खिताब किस कलाकार के नाम होता है.