Singer Freddie Jackson Death: अमेरिकन म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. इंडस्ट्री के पॉपुलर आर एंड बी सिंगर फ्रेडी जैक्सन का निधन हो गया है. 80 के दशक में ‘रॉक मी टुनाइट’ और ‘यू आर माई लेडी’ जैसे हिट गाने देने वाले सिंगर फ्रेडी जैक्सन ने 70 साल की उम्र में आखिरी सांस ली. दिग्गज सिंगर के निधन की जानकारी उनके परिवार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है. वहीं, फ्रेडी जैक्सन के निधन की खबर सामने आने के बाद पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई. कई हस्तियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी.
3 दिन पहले मनाया था जन्मदिन
ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेटेड फ्रेडी जैक्सन के परिवार ने उनके ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी किया. इसमें उन्होंने बताया कि सिंगर फ्रेडी जैक्सन अब इस दुनिया में नहीं रहे. परिवार के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026, सोमवार को उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा. खास बात ये है कि निधन से सिर्फ 3 दिन पहले ही सिंगर ने अपना 70वां जन्मदिन मनाया था. हालांकि, अभी तक परिवार ने उनकी मौत की वजह का खुलासा नहीं किया है.
परिवार ने जारी किया बयान
फ्रेडी जैक्सन के परिवार ने अपने बयान में लिखा, ‘फ्रेडी सिर्फ एक ग्रेट सिंगर ही नहीं थे, बल्कि वह एक दयालु और उदार इंसान भी थे, जो अपने फैंस, परिवार, दोस्तों और म्यूजिक से दिल से प्यार करते थे. दशकों तक उन्होंने हमें ऐसे हिट गाने दिए, जो हमारी लव स्टोरी, पार्टियों और सबसे अनमोल यादों का हिस्सा बन गए. उनका यह तोहफा हमेशा अमर रहेगा. आप उनके लिए परिवार की तरह थे और उन्होंने हमेशा आपका प्यार अपने साथ रखा.’
कौन थे फ्रेडी जैक्सन?
फ्रेडी जैक्सन का जन्म न्यूयॉर्क शहर के मैनहट्टन स्थित हार्लेम में हुआ था और उनका पालन-पोषण भी वहीं हुआ. उन्होंने सोल म्यूजिक की बारीकियां सीखीं और व्हाइट रॉक बैपटिस्ट चर्च में गॉस्पेल गाया. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत न्यूयॉर्क के क्लब म्यूजिक से की थी. हालांकि, उन्हें असली पहचान साल 1985 में रिलीज हुई उनकी पहली एल्बम ‘रॉक मी टुनाइट’ से मिली. उनकी इस एल्बम को रिकॉर्डिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन ऑफ अमेरिका (RIAA) की ओर से प्लैटिनम सर्टिफिकेशन मिला था. फ्रेडी जैक्सन को अपने करियर में दो बार ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था.