Sunny Deol Film: बॉलीवुड स्टार सनी देओल ने एक बार फिर वापसी की है. साल 2026 में शुरुआत में आई फिल्म बॉर्डर 2 को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया. बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई की. बॉर्डर, गदर, इंडियन, घातक जैसी फिल्मों ने सनी देओल को एक अलग ही स्टारडम दिया. लेकिन क्या आप सनी देओल की उस फिल्म के बारे में जानते हैं, जिसमें वो केवल दूसरे हाफ में नजर आए और नेशनल अवॉर्ड अपने नाम कर लिया था. चलिए इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के बारे में जानते हैं.
1993 की ब्लॉकबस्टर
हम बात कर रहे हैं 33 साल पहले आई ब्लॉकबस्टर फिल्म दामिनी की, जिसमें एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्रि, ऋषि कपूर, अमरीश पूरी और सनी देओल लीड रोल में थे. 30 अप्रैल को दामिनी को रिलीज हुए 33 साल हो गए. इस खुशी को जाहिर करते हुए मीनाक्षी शेषाद्रि ने फिल्म को लेकर एक मजेदार किस्सा शेयर किया है.
एक्ट्रेस ने शेयर किया ‘दामिनी’ का किस्सा
मीनाक्षी ने बताया कि दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर ने किस तरह एक मुश्किल शॉट को आसान बना दिया था. अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए मीनाक्षी ने लिखा, “दामिनी की 33वीं वर्षगांठ का जश्न जारी है. ‘दामिनी’ एक गंभीर और भावनात्मक ड्रामा फिल्म थी लेकिन इसमें बेहद मधुर और यादगार संगीत भी था. ‘जबसे तुमको देखा है सनम’ एक बेहद प्यारी और सदाबहार धुन है, जिसकी शूटिंग मैसूर की खूबसूरत हरियाली में हुई थी. इस गाने के शुरुआती शॉट में नायिका को चलती कार के ऊपर बैठे हुए दिखाया गया है. ये लगभग एक स्टंट शॉट जैसा था और इसमें खुद को स्थिर रखते हुए सहज और रोमांटिक दिखना काफी मुश्किल था. ऋषि कपूर जी ने भी शानदार ड्राइविंग कौशल दिखाया और कार को इस तरह संभाला कि मैं स्थिर रह सकूं, साथ ही कैमरा क्रू के साथ बेहतरीन तालमेल भी बनाए रखा.”
फिल्म के बारे में
बात करें फिल्म की तो साल 1993 में आई दामिनी को राजकुमार संतोषी ने डायरेक्ट की थी. इस फिल्म में मीनाक्षी शेषाद्रि, ऋषि कपूर, सनी देओल, अमरीश पुरी, कुलभूषण खरबंदा और रोहिणी हथिंगणी लीड रोल में थे. फिल्म की कहानी दामिनी नाम की महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने देवर और उसके दोस्तों द्वारा नशे की हालत में किए गए गंभीर अपराध की गवाह बनती है और उन्हें सजा दिलाने सारी हदें पार कर देती है. फिल्म में मीनाक्षी शेषाद्रि का किरदार ‘दामिनी’ आज भी दर्शकों के दिल में बसा हुआ है.
सनी देओल को मिला नेशनल अवॉर्ड
सनी देओल ने इस फिल्म में एक वकील का किरदार निभाया था. उनके डायलॉग- “तारीख पे तारीख…” और “ये हाथ जब उठ जाता है तो आदमी उठता नहीं, उठ जाता है”- आज भी दर्शकों के जहन में है. IMdb के अनुसार, सनी देओल को दामिनी के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था. फिल्म में सनी मात्र दूसरे हाफ में नजर आए थे.