South Star Bollywood Superhit Film: भारतीय सिनेमा की दुनिया बहुत बड़ी और विशाल है, जिसमें बॉलीवुड को सबसे ऊपर रखा गया है, जहां देश के कोने-कोने से लोग स्टार बनने के लिए आते हैं. कई बार रीजनल फिल्मों के स्टार भी बॉलीवुड में अपना नाम चमकाने के लिए आते हैं. इसमें रजनीकांत से लेकर जूनियर एनटीआर तक का नाम शामिल है. आज हम आपको साउथ के एक ऐसे स्टार के बारे में बताने वाले हैं. जिन्होंने 32 साल पहले बॉलीवुड को एक ऐसी सुपरहिट फिल्म दी, जिसके गाने आज भी हिट हैं. टीवी पर उस फिल्म को आज भी लोग बड़े चाव से देखते हैं.
क्या है सुपरहिट फिल्म का नाम?
हम बात कर रहे हैं साउथ स्टार दग्गुबती वेंकटेश और करिश्मा कपूर की फिल्म ‘अनाड़ी’ की, जो साल 1993 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म की कहानी से लेकर किरदार तक ने दर्शकों का दिल जीता था. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लागत से कई गुना ज्यादा कमाई की थी. Sacnilk.com की रिपोर्ट्स के अनुसार, 2.75 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 10 करोड़ तक का कलेक्शन किया था.
यह भी पढ़ें: इस डायरेक्टर ने 7 साल में दी लगातार 4 सुपरहिट फिल्में, पर्दे पर सच्ची घटनाएं उतार की करोड़ों की कमाई
करिश्मा कपूर संग जमी जोड़ी
फिल्म ‘अनाड़ी’ की कहानी पूरी तरह से पारिवारिक है. फिल्म में करिश्मा कपूर ने राजनंदिनी का किरदार निभाया है, जो गांव के सबसे बड़े जमींदार की इकलौती बहन होती है. राजनंदिनी के 3 बड़े भाई होते हैं, जो उस पर अपनी जान छिड़कते हैं. लेकिन एक भविष्यवाणी की वजह से वे अपनी बहन राजनंदिनी को कभी महल के बाहर नहीं जाने देते हैं. स्कूल की पढ़ाई से लेकर उसके दोस्त तक सब उसके लिए इस महल में आते हैं. इसके अलावा राजनंदिनी को लड़कों की परछाई से भी कोसों दूर रखा जाता है. लेकिन एक दिन राजनंदिनी के बड़े भाई खुद गांव के अनाड़ी लड़के रामा (दग्गुबती वेंकटेश) को अपनी बहन की रखवाली के लिए काम पर रखते हैं, जिसके बाद फिल्म की कहानी पूरी तरह से बदल जाती है.
बॉलीवुड में दिखा साउथ हीरो का जलवा
इस फिल्म के रामा यानी साउथ हीरो दग्गुबती वेंकटेश को नॉर्थ के लोगों ने काफी पसंद किया. इसके अलावा फिल्म में करिश्मा कपूर और दग्गुबती वेंकटेश की जोड़ी भी दर्शकों को काफी पसंद आई. 32 साल पुरानी इस फिल्म के गाने आज भी गुनगुनाते दिखाई देते हैं. हालांकि, इसके बाद दग्गुबती वेंकटेश ने बॉलीवुड को कई हिट फिल्में नहीं दी.