Bharat Bhhagya Viddhaata Vs Main Vaapas Aaunga Collection: सिनेमाघरों में इन दिनों दो बड़े कलाकारों के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. एक तरफ जहां बॉलीवुड की ‘क्वीन’ कंगना रनौत 26/11 के आतंकी हमलों जैसे संवेदनशील मुद्दे पर बनी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ लेकर आई हैं, वहीं दूसरी तरफ दिलजीत दोसांझ और इम्तियाज अली की जोड़ी बंटवारे के दौर की एक भावुक प्रेम कहानी ‘मैं वापस आऊंगा’ के साथ दर्शकों के बीच मौजूद है. सोशल मीडिया पर भारी बज होने के बावजूद रिलीज के पहले छह दिनों में बॉक्स ऑफिस के जो समीकरण बने हैं, उसने हर किसी को चौंका दिया है. दोनों फिल्मों के पहले बुधवार के कलेक्शन के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जिसमें एक फिल्म ने दूसरी को एक बड़े अंतर से पछाड़ दिया है. आइए जानते हैं आखिर कमाई की इस रेस में कौन आगे निकला है?
पहले बुधवार को दिलजीत की ‘मैं वापस आऊंगा’ ने मारी बाजी
इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को दर्शकों का लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. छठे दिन (बुधवार) को इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ दिखाते हुए ₹1.75 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया. दिलजीत दोसांझ, शरवरी वाघ, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह स्टारर इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक कुल ₹10.05 करोड़ का नेट बिजनेस कर लिया है.
छठे दिन बेहद सुस्त रही कंगना की ‘भारत भाग्य विधाता’ की रफ्तार
दूसरी ओर, काफी चर्चा में रहने के बावजूद कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को थिएटर्स तक खींचने में संघर्ष कर रही है. फिल्म ने अपने छठे दिन यानी पहले बुधवार को सिर्फ ₹55 लाख की बेहद मामूली कमाई की. इस सुस्त रफ्तार के साथ कंगना की फिल्म का छह दिनों का कुल भारतीय बॉक्स ऑफिस नेट कलेक्शन महज ₹6.10 करोड़ तक ही पहुंच सका है.
दिलजीत की फिल्म ने हर दिन के कलेक्शन में कंगना को पछाड़ा
दोनों फिल्मों के छह दिनों के सफर पर नजर डालें तो दिलजीत की ‘मैं वापस आऊंगा’ ने वीकेंड से लेकर वीकडेज तक हर दिन कंगना की फिल्म से बेहतर प्रदर्शन किया है. जहां वीकेंड पर ‘मैं वापस आऊंगा’ ने शनिवार को ₹1.85 करोड़ और रविवार को ₹2.50 करोड़ कमाए, वहीं ‘भारत भाग्य विधाता’ शनिवार को ₹1.45 करोड़ और रविवार को ₹1.80 करोड़ पर ही सिमट गई. बुधवार के कलेक्शन में भी दोनों के बीच दोगुने से ज्यादा का अंतर साफ देखा जा सकता है.
आतंकी हमले बनाम भारत-पाकिस्तान बंटवारे की प्रेम कहानी
कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ मुंबई में हुए 26/11 के दर्दनाक आतंकी हमलों पर आधारित है, जिसका निर्देशन मनोज तापड़िया ने किया है. वहीं इसके उलट ‘मैं वापस आऊंगा’ भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के पहले की एक भावुक लव स्टोरी पर बनी है, जिसमें दो प्रेमी देश के बंटवारे के कारण अलग हो जाते हैं. दोनों ही फिल्में अलग-अलग जॉनर की हैं, लेकिन फिलहाल बॉक्स ऑफिस की रेस में दिलजीत दोसांझ का जादू कंगना रनौत पर भारी पड़ता दिख रहा है.