मॉडल और वेब सीरीज एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी इन दिनों किसी शूटिंग या ग्लैमर की वजह से नहीं, बल्कि ट्रेन में हुए एक कथित हंगामे को लेकर चर्चा में हैं. 31 साल की अंतरा को 12 अगस्त को अरावली एक्सप्रेस में RPF कर्मचारियों के साथ कथित विवाद के बाद गिरफ्तार किया गया. हालांकि, बाद में उन्हें नोटिस देकर जमानत पर रिहा कर दिया गया.
आखिर क्या है मामला?
रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरा एक शूट के सिलसिले में सूरत जा रही थीं. उनके पास स्लीपर क्लास का टिकट था, लेकिन वह कथित तौर पर रिजर्व्ड AC कोच में चली गईं. इसी बात को लेकर एक यात्री ने उनसे सीट खाली करने को कहा. जब बात नहीं बनी तो यात्री ने टिकट कलेक्टर हरिकेश त्रिपाठी को इसकी जानकारी दी. इसके बाद RPF को बुलाया गया.

अधिकारियों ने एक्ट्रेस को समझाया पर वह नहीं माना और भड़क गईं. इसके बाद वह गाली गलौज करने लगीं. RPF ASI यामिनीकांत मिश्रा की शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अंतरा ने गुस्से में अपने कपड़े उतार दिए और अचानक रेजर निकालकर लहराने लगीं. इस दौरान उन्होंने ASI मिश्रा और खुद को घायल कर लिया. हमले में अधिकारी की यूनिफॉर्म फट गई और मोबाइल और चश्मा टूट गया.

कहा का है मामला?
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला बोरीवली और दहानू के बीच रात करीब 9.30 बजे से 10.50 बजे तक चला.

क्यों बिगड़ा मामला?
स्थिति बिगड़ने पर RPF कर्मचारियों ने AC कोच के दरवाजे बंद कर दिए. पुलिस का दावा है कि इसके बाद अंतरा ने शीशा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की. आखिरकार उन्हें दहानू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारा गया और GRP के हवाले कर दिया गया.

एक्ट्रेस पर लगा आरोप
अगली सुबह बोरीवली रेलवे पुलिस ने अंतरा को हिरासत में लिया. पुलिस के मुताबिक, चश्मदीदों ने बताया कि AC कोच का टिकट नहीं मिलने की वजह से वह परेशान थीं. 13 अगस्त को उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई. उन पर सरकारी कर्मचारियों से मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने और सुरक्षा को खतरे में डालने समेत कई आरोप लगाए गए हैं. फिलहाल, अंतरा को नोटिस देकर जमानत पर रिहा कर दिया गया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है.