Anant Ambani Tirupati Visit: रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी एक बार फिर अपनी धार्मिक आस्था और समाजसेवा को लेकर सुर्खियों में हैं. बिजनेस की दुनिया के चर्चित चेहरे अनंत अंबानी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए. इस दौरान उन्होंने मंदिर की सदियों पुरानी परंपरा का पालन करते हुए अपना मुंडन कराया और अपने बाल भगवान के चरणों में समर्पित किए. उनकी यह तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
तिरुपति बालाजी के अनंत अंबानी ने किए दर्शन
मंदिर में दर्शन के दौरान अनंत अंबानी ने कहा कि इंसान चाहे कितनी भी दौलत, शोहरत और सफलता हासिल कर ले, लेकिन सबसे बड़ा सहारा आस्था ही होती है. उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सब कुछ पाने के बाद भी भगवान को चुनता है, वही वास्तव में सबसे अमीर होता है. उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किया ये खास काम
सिर्फ धार्मिक आस्था ही नहीं, अनंत अंबानी ने इस यात्रा के दौरान समाजसेवा का भी बड़ा संदेश दिया. उन्होंने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 इलेक्ट्रिक बसें दान करने की घोषणा की. इन बसों की अनुमानित लागत करीब 27.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है. ये बसें तिरुमला आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएंगी. रिलायंस इंडस्ट्रीज बसों के संचालन और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में भी सहयोग करेगी.

हाथियों को अपने हाथों से खिलाया भोजन
इसके अलावा अनंत अंबानी ने तिरुमला की गौशाला के आधुनिकीकरण में मदद करने का भी वादा किया. मंदिर परिसर में उन्होंने हाथियों को अपने हाथों से भोजन खिलाया, जिसकी तस्वीरें भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं. पशु संरक्षण के प्रति उनका लगाव पहले भी उनकी ‘वंतारा’ परियोजना के जरिए सामने आ चुका है.

मंदिर प्रशासन ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान
धार्मिक अनुष्ठान पूरे होने के बाद मंदिर के वैदिक विद्वानों ने उन्हें वेद आशीर्वचनम् दिया. वहीं मंदिर प्रशासन ने पारंपरिक रेशमी शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया और श्रीवारी तीर्थ प्रसादम भी भेंट किया.

पहले भी दर्शन करने पहुंच चुके हैं अनंत अंबानी
ता दें, कि जून महीने में यह अनंत अंबानी की दूसरी तिरुपति यात्रा है. इससे पहले वह अपने पिता मुकेश अंबानी और पत्नी राधिका मर्चेंट के साथ भी भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन करने पहुंचे थे. लगातार हो रही उनकी धार्मिक यात्राएं यह दिखाती हैं कि बिजनेस की व्यस्त जिंदगी के बीच भी आध्यात्मिकता उनके जीवन का अहम हिस्सा बनी हुई है.