Faria Abdullah On Religion Trolls: तेलुगु एक्ट्रेस फारिया अब्दुल्ला इन दिनों सुर्खियों में हैं. फारिया 10 अगस्त को हैदराबाद के बोनालु उत्सव और मीरालम मंडी स्थित ऐतिहासिक श्री महाकालेश्वर अम्मावारी मंदिर गई थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस के कई वीडियो वायरल हुए थे, जिसमें वो बोनम लेकर डांस करती नजर आई थीं. इसी वीडियो के आधार पर कुछ यूजर्स ने उनकी धार्मिक पहचान को लेकर सवाल उठाते हुए ट्रोल करना शुरू कर दिया. 15 अगस्त को फारिया ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर ट्रोलिंग का जवाब दिया है. वीडियो में बात करे एक्ट्रेस रो पड़ीं.
‘काफिर’ कहने वालों को दिया जवाब
वीडियो में फारिया ने अपने पिता के इस्लाम अपनाने का जिक्र किया और कहा, “मेरे पापा कन्वर्टेड मुस्लिम हैं भाई. क्या आप समझते हैं इसका क्या मतलब है? उन्होंने इस्लाम अपनाया, क्योंकि उन्हें यह धर्म पसंद आया.” एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने हमेशा इस्लाम के अच्छे पहलुओं को देखा है और उन्हें ट्रोल करने वालों के लिए भी वह अच्छा ही चाहती हैं. फारिया ने आगे बताया कि कुछ लोग उन्हें ‘काफिर’ कह रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि वो गलत रास्ते पर जा रही हैं. इसपर एक्ट्रेस ने कहा कि वो नफरत के बदले भी प्यार भेजती रहेंगी.
फूट-फूटकर रोईं फारिया अब्दुल्ला
फारिया के मुताबिक, उन्हें पेड़, पत्थर और तितलियों समेत अपने आसपास की हर चीज में ईश्वर और जिंदगी नजर आती है. ये कहते-कहते फारिया की आंखों से आंसू छलक आए. उन्होंने रोते हुए कहा, “मैं अपने प्यार को लेकर आक्रामक हूं और रहूंगी.” उन्होंने आगे कहा कि वो उन सभी लोगों को भी प्यार भेजेंगी, जो उनसे नफरत कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें अपने दिल की सच्चाई पर भरोसा है. उन्होंने प्यार, एकता और शांति की कामना को अपनी ‘बगावत’ और ‘क्रांति’ बताया.
आखिर में फारिया ने बचपन की एक याद शेयर की और बताया कि उन्होंने अपनी मां से पूछा था कि अल्लाह का मतलब क्या है? उनकी मां ने जवाब दिया था, “इसका मतलब रोशनी है. इसका मतलब हर जगह, सब कुछ, एक साथ है.”