Maa Inti Bangaaram Sequel: साउथ सिनेमा की स्टार एक्ट्रेस समांथा रुथ प्रभु इन दिनों अपनी फिल्म ‘मां इंति बंगारम’ को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं. शानदार कहानी और दमदार अभिनय के दम पर इस फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म का प्रदर्शन शानदार रहा है. जिसके बाद अब फैंस के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर फिल्म के सीक्वल की घोषणा कर दी है.
फिल्ममेकर की घोषणा
हाल ही में विशाखापट्टनम में फिल्म की जबरदस्त सफलता का जश्न मनाने के लिए एक ग्रैंड सक्सेस मीट का आयोजन किया गया. इस इवेंट में फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही. इसी दौरान निर्माता राज निदिमोरु ने दर्शकों से बातचीत करते हुए पूछा कि क्या उन्हें ‘मां इंति बंगारम’ की कहानी पसंद आई. ऑडियंस ने जोरदार तालियों और शोर के साथ अपनी खुशी जाहिर की.
‘मां इंति बंगारम 2’ पर कही ये बात
फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स देखकर राज निदिमोरु ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर लोगों को फिल्म इतनी पसंद आई है तो वे इसके अगले पार्ट के लिए भी तैयार रहें, क्योंकि भविष्य में ‘मां इंति बंगारम 2’ जरूर आएगी. इस घोषणा के साथ ही पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और सोशल मीडिया पर भी फैंस की एक्साइटमेंट देखने लायक रही.
दर्शकों का फिल्म को मिला खूब सपोर्ट
फिल्म का निर्देशन बी.वी. नंदिनी रेड्डी ने किया है, जबकि इसे राज निदिमोरु ने प्रोड्यूस किया है, जिन्हें ‘द फैमिली मैन’ जैसी पॉपुलर सीरीज के लिए भी जाना जाता है. ‘मां इंति बंगारम’ एक एक्शन कॉमेडी थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी 80 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है. यही वजह है कि इसकी कहानी और प्रेजेंटेशन को दर्शकों ने खूब पसंद किया.
फिल्म ने की कितनी कमाई?
बॉक्स ऑफिस की बात करें तो फिल्म ने कमाई के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मां इंति बंगारम’ ने दुनियाभर में 80 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है, जबकि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका कलेक्शन 50 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है.
फैंस का एक्साइटमेंट हाई
इसी शानदार प्रदर्शन के साथ यह फिल्म तेलुगु सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला प्रधान फिल्मों में शामिल हो गई है. अब सीक्वल की आधिकारिक घोषणा के बाद फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं. ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मेकर्स दूसरे पार्ट में समांथा के किरदार और कहानी को किस नए अंदाज में बड़े पर्दे पर पेश करते हैं.