फेमस थाई यूट्यूबर ह्लुन सोलो का 27 साल की उम्र में निधन हो गया है. वह जॉर्जिया में कंटेंट शूट करने गए थे. इसी दौरान उनका अपने परिवार से संपर्क टूट गया था, जिसके बाद उनके निधन की खबर सामने आई. यूट्यूबर के परिवार ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि 30 जुलाई को उनका निधन हुआ था.
30 जुलाई को हुआ निधन
ह्लुन का असली नाम बोवोर्नथैट पेंगसुक था. वह एक ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर थे. 13 जुलाई से उनका अपने परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा था. इसके बाद परिवार ने सोशल मीडिया पर उनका पता लगाने की अपील की थी. कई दिनों तक कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद 30 जुलाई की सुबह परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की.
शव वापस लाने की हो रही तैयारी
थाइलैंड के विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने और उनके शव को वापस लाने के लिए तुर्की के अंकारा स्थित रॉयल थाई एंबेसी और जॉर्जिया के स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. साथ ही, थाई अधिकारी उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जॉर्जिया के अधिकारियों के संपर्क में भी हैं. सूचना विभाग के महानिदेशक और प्रवक्ता जैथाई अपकार्नितिकासेत ने बताया कि अंकारा स्थित रॉयल थाई एंबेसी के अधिकारी स्थानीय अधिकारियों से मिलने जॉर्जिया गए थे, जहां उनके निधन की पुष्टि की गई.
परिवार ने ह्लुन ने निधन पर किया रिएक्ट
ह्लुन की 82 साल की दादी सोम प्लेंगसुक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि उनका पोता जिंदा और सुरक्षित होगा और जल्द घर लौटेगा, जैसा कि वह अपनी पिछली यात्राओं के बाद करता था. उन्होंने बताया कि उन्होंने पिछला दिन और पूरी रात उसकी चिंता में बिताई और लगातार नई जानकारी का इंतजार करती रहीं. ह्लुन की दादी ने उन ऑनलाइन दावों को भी खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी के एक होटल में उन्होंने आत्महत्या की थी. उन्होंने उनकी मौत से जुड़े हालात पर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की.
वहीं, यूट्यूबर के भाई सोमसाक वुत्सरी ने बताया कि पिछली रात उन्हें कई सोशल मीडिया यूजर्स के मैसेज मिले, जिनमें ह्लुन की मौत की सूचना दी गई थी. हालांकि, परिवार अभी कॉन्स्युलर दस्तावेज़ों का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद आगे की ज़रूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी. परिवार ने लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है. साथ ही, यह भी अनुरोध किया है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें और न ही किसी तरह की अटकलें लगाएं.
यह भी पढ़ें-माधुरी दीक्षित और संजय दत्त की लव स्टोरी क्यों रह गई अधूरी? सामने आई ब्रेकअप की असली वजह