Dhamaal 4 Box Office Collection Day 9: इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म धमाल 4 सिनेमाघरों में 10 जुलाई को रिलीज हुई थी. फिल्म रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. मूवी को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिले-जुले रिएक्शन मिले थे. वहीं वीकडेज़ में फिल्म की कमाई में काफी गिरावट देखने को मिली थी.इतना ही नहीं, 17 जुलाई, शुक्रवार को क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म द ओडिसी रिलीज हुई, जिसके बाद धमाल 4 की कमाई पर भी असर देखने को मिला. हालांकि दूसरे शनिवार को फिल्म की कमाई में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई. तो आइए एक नजर डालते हैं फिल्म के 9वें दिन के कलेक्शन पर.
9वें दिन फिल्म ने किया इतना कलेक्शन
दरअसल, सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने 9वें दिन शानदार कमाई की है. धमाल 4 ने शनिवार को 10 करोड़ रुपये का धमाकेदार कलेक्शन किया. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 25 प्रतिशत दर्ज की गई और देशभर में कुल 8,401 शोज चले. फिल्म की कमाई शुक्रवार की तुलना में बढ़ी है. शनिवार को फिल्म ने शुक्रवार के मुकाबले 4.50 करोड़ रुपये ज्यादा का कलेक्शन किया.
दुनिया भर में धमाल 4 ने कमाए इतने करोड़
वहीं, फिल्म ने 9 दिनों में भारत में कुल 111.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 151.68 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
द ओडिसी के आगे भी टिकी है धमाल 4
बता दें कि 17 जुलाई, शुक्रवार को क्रिस्टोफर नोलन की हॉलीवुड फिल्म द ओडिसी रिलीज हुई थी. इस फिल्म की धमाल 4 से सीधी टक्कर देखने को मिली. हालांकि द ओडिसी ने ओपनिंग डे पर शानदार कलेक्शन किया और दूसरे दिन भी फिल्म ने दमदार कमाई की.
फिल्म में नजर आए ये कलाकार
धमाल 4 साल 2007 में शुरू हुई धमाल फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त है. इस फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रितेश देशमुख, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, संजय मिश्रा और रवि किशन जैसे कलाकार नजर आए हैं.