बॉलीवुड एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता और दिवंगत अभिनेता नाना पाटेकर के बीच सालों पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में है. नाना पाटेकर के निधन के बाद भी तनुश्री अपने पुराने आरोपों पर कायम हैं. उन्होंने हाल ही में एक इवेंट के दौरान ऐसा बयान दिया, जिसने एक बार फिर इस विवाद को सुर्खियों में ला दिया है. तनुश्री ने कहा कि उनके साथ जो हुआ, उसे वह कभी नहीं भूल सकतीं. उन्होंने अपने मुश्किल दिनों को याद करते हुए दावा किया कि उन्हें लंबे समय तक परेशान किया गया और उन पर केस वापस लेने का दबाव भी बनाया गया था.
नाना पाटेकर पर क्यों भड़कीं तनुश्री दत्ता?
दरअसल, तनुश्री दत्ता हाल ही में लखनऊ में एक इवेंट में शामिल हुई थीं. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने नाना पाटेकर को लेकर अपने पुराने आरोपों पर खुलकर बात की. एक्ट्रेस ने साफ कहा कि वह आज भी अपने बयान पर कायम हैं और भविष्य में भी अपनी बात नहीं बदलेंगी.
तनुश्री ने मामले से पीछे न हटने की कही बात
तनुश्री के मुताबिक, उनके केस में एक अहम गवाह का एफिडेविट अदालत में जमा किया गया था. उनका दावा है कि जिस दिन इस मामले में गवाही होनी थी, उसी दिन केस बंद करवा दिया गया. उन्होंने कहा कि वह इस मामले में पीछे नहीं हटीं और कथित तौर पर उन्हें केस वापस लेने के लिए कहे जाने के बावजूद उन्होंने ऐसा नहीं किया.
नाना पाटेकर के निधन पर रिएक्शन
नाना पाटेकर के निधन पर अपना रिएक्शन देते हुए तनुश्री ने कहा, ‘ईश्वर ने ही उसके प्राण हरे हैं, क्योंकि ये रुक नहीं रहा था.’ एक्ट्रेस ने अपने अनुभवों को याद करते हुए नाना के लिए ‘ईवल डेड’ जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया. उनके इस बयान ने एक बार फिर पुराने विवाद को हवा दे दी है.
‘मेरे साथ बहुत कुछ हुआ, पांच साल बुरे बीते’
तनुश्री ने बातचीत में बताया कि मीटू मूवमेंट के बाद के साल उनके लिए बेहद मुश्किल रहे. उन्होंने दावा किया कि इस पूरे विवाद के दौरान उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें एंग्जायटी भी हुई. एक्ट्रेस का कहना है कि उनके खिलाफ लगातार मुश्किलें खड़ी की गईं और उन्हें परेशान किया गया.
तनुश्री ने ब्रेक काटने का लगाया आरोप
तनुश्री ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी के ब्रेक काटे गए थे और उनका एक्सीडेंट हुआ था. इसके अलावा उन्होंने फूड पॉइजनिंग होने की बात भी कही. हालांकि, ये सभी तनुश्री के अपने दावे हैं. एक्ट्रेस ने कहा कि जिस दौर से वह गुजरी हैं, उसका दर्द वही समझ सकती हैं. उनके मुताबिक, जिन लोगों का नाना पाटेकर के साथ अच्छा अनुभव रहा है, वे शायद उनकी बातों और भावनाओं को नहीं समझ पाएंगे.
क्या था तनुश्री और नाना पाटेकर का विवाद?
तनुश्री दत्ता ने साल 2018 में मीटू मूवमेंट के दौरान नाना पाटेकर पर फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ की शूटिंग के समय यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. इन आरोपों के बाद बॉलीवुड में काफी विवाद हुआ और कई कलाकारों ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी. नाना पाटेकर ने इन आरोपों को खारिज किया था. बाद में पुलिस ने सबूतों की कमी का हवाला देते हुए मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी.