Sridhar Parthasarathy Death: मनोरंजन जगत से एक हैरान करने वाली दुखद खबर सामने आई है. दरअसल, मशहूर मृदंगम वादक श्रीधर पार्थसारथी का निधन हो गया है. उन्होंने शुक्रवार को 54 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया. बताया जा रहा है कि उन्हें बानेर में दिवाली पहाट कॉन्सर्ट के दौरान कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद वह स्टेज पर ही गिर पड़े. इवेंट के ऑर्गनाइजर ने इस पूरी घटना की जानकारी दी है. उन्होंने ये भी बताया कि मृदंगम वादक श्रीधर पार्थसारथी को काफी कोशिशों के बाद भी नहीं बचाया जा सका. उनकी अचानक मौत से पूरे भारतीय संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई.
स्टेज पर गिर पड़े म्यूजिशियन
इवेंट के ऑर्गनाइजर ने बताया कि म्यूजिशियन ने सुबह 7 बजे अपनी परफॉर्मेंस शुरू की थी. इसके बाद ऑडियंस के बार-बार रिक्वेस्ट करने पर वह अपने तय समय के बाद भी मृदंगम बजाते रहे. एक ऑर्गनाइजिंग मेंबर ने कहा, ‘शुरू में उन्होंने करीब 5 से 10 मिनट तक बजाया, जिसके बाद ऑडियंस ने दोबारा बजाने के लिए कहा. उन्होंने और 10 मिनट तक बजाया. जब भीड़ ने दोबारा बजाने के लिए कहा, तो उन्होंने कहा कि वह दो और पीस बजाएंगे. तभी वह स्टेज पर गिर पड़े. वेन्यू पर मौजूद डॉक्टर स्टेज पर दौड़े और CPR दिया.’
उन्हें बचाया नहीं जा सका…
उन्होंने आगे बताया कि एक एम्बुलेंस बुलाई गई और बेहोश श्रीधर पार्थसारथी को मणिपाल हॉस्पिटल ले जाया गया. वहीं, अस्पताल के एक बयान में कहा गया कि एडवांस्ड कार्डियोवैस्कुलर लाइफ सपोर्ट (ACLS) प्रोटोकॉल के हिसाब से वेन्यू पर श्रीधर पार्थसारथी को CPR देना शुरू कर दिया गया था. उनके अस्पताल पहुंचने के बाद इमरजेंसी मेडिकल टीम ने इसे जारी रखा. तुरंत और लगातार रिससिटेशन की कोशिशों के बावजूद, उन्हें बचाया नहीं जा सका.
वह एक शानदार इंसान…
श्रीधर पार्थसारथी को श्रद्धांजलि देते हुए पुणे के सरोद प्लेयर अनुपम जोशी ने कहा, ‘वह एक शानदार इंसान थे, कम बोलने वाले इंसान जिनका संगीत बहुत कुछ कहता था. उन्होंने उस्ताद अल्ला रक्खा और जाकिर हुसैन के साथ बहुत सारे परफॉर्म किए थे. वह मृदंगम पर निकलने वाली आवाज को लेकर बहुत खास थे, और इसी वजह से उनके बजाने में एक अलग, सबको पसंद आने वाला गुण था.’