Thursday, 3 September, 2026

---विज्ञापन---

Back

180 फ्लॉप फिल्मों के बाद भी कायम रहा इस सुपरस्टार का स्टारडम, 72 की उम्र में दी करियर की सबसे बड़ी हिट

करीब 180 फ्लॉप फिल्में देने के बाद भी इस सुपरस्टार का जलवा बरकरार रहा. अपनी पहली फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले इस एक्टर ने 72 वर्ष की उम्र में अपने करियर की सबसे कमाऊ फिल्म दी.

mithun chakraborty 180 flop films
mithun chakraborty 180 flop films

फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर किसी भी अभिनेता की सफलता को उसकी हिट फिल्मों के आंकड़ों से मापा जाता है. लगातार फ्लॉप फिल्में देने पर सितारों का करियर ढलान पर आ जाता है, लेकिन बॉलीवुड के एक सुपरस्टार ने इस नियम को पूरी तरह से झुठला दिया है. अपने पांच दशक लंबे करियर में बतौर लीड एक्टर लगभग 180 फ्लॉप फिल्में देने के बावजूद इस एक्टर स्टारडम कभी कम नहीं हुआ. आइए जानते हैं 72 साल की उम्र में अपने करियर की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर देने वाले इस लीजेंडरी स्टार की पूरी कहानी…

डेब्यू फिल्म से ही नेशनल अवॉर्ड

जिस एक्टर की हम बात कर रहे हैं, वो डिस्को डांसर मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) हैं. उन्होंने साल 1976 में प्रख्यात निर्देशक मृणाल सेन की फिल्म ‘मृगया’ (Mrigaya) से अपने एक्टिंग करियर का आगाज किया था. अपनी पहली ही फिल्म में शानदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नेशनल फिल्म अवॉर्ड (National Film Award) मिला. इसके बाद 80 के दशक की शुरुआत में ‘शौकीन’ और ‘अशांति’ जैसी फिल्मों से उन्होंने अपनी पहचान मजबूत की और बॉलीवुड में जगह बनाई.

---विज्ञापन---

‘डिस्को डांसर’ से बने ग्लोबल स्टार

साल 1982 में आई फिल्म ‘डिस्को डांसर’ (Disco Dancer) ने मिथुन को देश-विदेश में स्टार बना दिया. 1985 में रूस (सोवियत संघ) में रिलीज होने पर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. फिल्म ने दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऐतिहासिक बिजनेस किया और ‘शोले’ को पीछे छोड़कर भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. यह रिकॉर्ड करीब नौ सालों तक कायम रहा.

180 फ्लॉप और बी-ग्रेड फिल्में

80 के दशक के मध्य से मिथुन ने एक साल में 10 से 12 फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया, जिसके कारण कई फिल्में फ्लॉप हुईं. 90 के दशक में उन्होंने कम बजट की एक्शन फिल्मों का रुख किया, जिनकी शूटिंग एक महीने में पूरी हो जाती थी. अपने करियर की 270 से ज्यादा फिल्मों में से करीब 180 फिल्में फ्लॉप रहीं, जिनमें से 45 से ज्यादा फिल्मों को ‘डिजास्टर’ का टैग मिला.

---विज्ञापन---

तीन दशकों तक सोलो हिट का इंतजार

बतौर सोलो हीरो मिथुन चक्रवर्ती की आखिरी बड़ी हिट फिल्म 1995 में आई ‘रावण राज’ (Ravaan Raaj) मानी जाती है. इसके बाद तीन दशकों तक वे सहायक भूमिकाएं निभाते रहे और खुद को नए दौर के सिनेमा के मुताबिक ढालते रहे. 2000 के दशक में वे कई मल्टी-स्टारर फिल्मों में अहम किरदार निभाते नजर आए और दर्शकों के बीच अपनी लोकप्रियता बनाए रखी.

72 की उम्र में मिली सबसे बड़ी हिट

करियर की सबसे बड़ी सफलता उन्हें 72 साल की उम्र में साल 2022 में मिली. विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ (The Kashmir Files) में मिथुन ने मुख्य भूमिका निभाई, जिसने दुनियाभर में लगभग 350 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. सैकड़ों फ्लॉप फिल्मों का रिकॉर्ड नाम होने के बावजूद ‘द कश्मीर फाइल्स’ आज भी मिथुन चक्रवर्ती के पूरे करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है.

---विज्ञापन---
First published on: Sep 03, 2026 03:30 PM

E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola