Vaaroon Forever Poster Released: ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए एक बार फिर पुराने यादगार गाने की नई धुन सुनने का मौका मिलने वाला है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त एक्साइटमेंट है. इसी बीच मेकर्स ने फिल्म के पहले गाने ‘वारूं फॉरएवर’ का पोस्टर रिलीज कर दिया है. गाने की पहली झलक सामने आते ही फैंस के बीच इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
नए अंदाज में सुनाई देगा ‘वारूं’
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ‘वारूं फॉरएवर’ दरअसल सीरीज के पॉपुलर गाने ‘वारूं’ का नया वर्जन है. ‘मिर्जापुर’ की कहानी और किरदारों के साथ इस गाने का भी खास कनेक्शन रहा है. साल 2020 में रिलीज हुए इस सोलफुल ट्रैक ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी. अब मेकर्स इसे फिल्म के लिए नए म्यूजिकल अंदाज में पेश करने जा रहे हैं.

नए वर्जन को किसने दी आवाज?
इस नए वर्जन को रोमी और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है. वहीं गाने का म्यूजिक एक बार फिर आनंद भास्कर ने तैयार किया है. इसके बोल गिन्नी दीवान ने लिखे हैं. यानी गाने की पुरानी टीम से जुड़े कई कलाकार इस नए वर्जन में भी नजर आ रहे हैं.
कब रिलीज होगा ‘वारूं फॉरएवर’?
मेकर्स ने रविवार को गाने का पोस्टर शेयर कर इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है. ‘वारूं फॉरएवर’ 18 अगस्त को रिलीज होगा. गाने को लेकर फैंस इसलिए भी उत्साहित हैं क्योंकि इसमें पुराने ‘वारूं’ की यादों के साथ नया रोमांटिक टच देखने सुनने को मिलेगा. ‘मिर्जापुर’ के पुराने फैंस के लिए यह गाना किसी नॉस्टैल्जिया से कम नहीं होगा. वहीं श्रेया घोषाल की आवाज इसे एक अलग रंग देने वाली है.

फिल्म में नजर आएगी दमदार स्टारकास्ट
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में फ्रेंचाइजी के कई पुराने और पॉपुलर कलाकार नजर आने वाले हैं. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी, सुशांत सिंह और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार शामिल हैं.
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म के जरिए ‘मिर्जापुर’ की कहानी बड़े पर्दे पर आगे बढ़ेगी. ऐसे में अब फैंस को 18 अगस्त का इंतजार है, जब ‘वारूं फॉरएवर’ रिलीज होकर एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी के पुराने एहसास को नई धुन के साथ सामने लाएगा. वहीं ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.’