Manushi Chhillar NEET Paper Leak Reaction: इस समय पूरे देश में NEET पेपर लीक को लेकर चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन का हर कोई समर्थन कर रहा है. सलमान खान से लेकर ईशान खट्टर, आयसा खान, उर्फी जावेद, आरिजीत सिंह, ट्विंकल खन्ना और इमरान खान जैसे कई फिल्मी सितारों ने छात्रों के इस प्रोटेस्ट को खुलकर सपोर्ट किया है. अब इस मामले पर 2017 की मिस वर्ल्ड और बॉलीवुड एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर ने इस मामले पर अपनी राय रखी है, जिसमें उन्होंने अपने 2015 के NEET पेपर किस्सा को शेयर किया है, जहां मानुषी ने बताया कि उन्हें भी साल 2015 में NEET पेपर लीक का सामना करना पड़ा था. चलिए आपको ये पूरा मामला विस्तार से समझाते हैं.
मैंने दो बार NEET का पेपर दिया…
मानुषी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें साल 2015 में NEET की परीक्षा दो बार देनी पड़ी थी. मानुषी ने अपनी इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘मेरा हमेशा से मानना रहा है कि इस अन्यायपूर्ण दुनिया में शिक्षा ही सबसे बड़ा समानता लाने वाला कारक है. जो लोग कह रहे हैं कि ‘फिर से परीक्षा दे दो’, वे बात को समझ नहीं रहे हैं; हमें इस मामले को सेसटिवली दिखाना होगा. मैंने 2015 में भी दो बार NEET का पेपर दिया था. उस समय भी NEET का पेपर लीक हो गया था. यह सिर्फ एक एग्जाम नहीं है, यह सालों की कड़ी मेहनत, रातों की नींद हराम, त्याग और आकांक्षाओं का प्रतीक है. तब हमने अपने सिस्टम के फेलियर को स्वीकार कर लिया था और दिए गए समाधान से संतुष्ट हो गए थे. अब, एक 10 साल बाद, हम बदलाव की उम्मीद करते हैं.’
मुझे भारत पर विश्वास…
मानुषी ने आगे लिखा, ‘डॉक्टर बनने के अपने सपने की अहमियत तब तक समझ नहीं आती जब तक आप किसी कोचिंग सेंटर में नहीं पहुंच जाते, जहां माता-पिता अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए अपनी हैसियत से ज्यादा कर्ज लेते हैं. बच्चे इस एग्जाम को पास करने के लिए सालों तक मेहनत करते हैं. ये वही साल थे जब मैं अपनी स्टार्टिंग 20’s में महामारी के कारण घर पर बैठी निराशा से जूझ रही थी. मेरा मानना है कि शिक्षा सब कुछ बदल सकती है. यह इस बात पर विश्वास करने के बारे में है कि वे बेहतर हो सकते हैं. हर पीढ़ी की यह जिम्मेदारी होती है कि वह अपने पीछे एक ऐसा सिस्टम छोड़े जो उसे विरासत में मिले सिस्टम से कहीं ज्यादा मजबूत हो. मुझे भारत पर विश्वास है. मुझे हमारे लोकतंत्र पर विश्वास है.’