संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अपनी सुरीली आवाज और लाजवाब गानों से दशकों तक करोड़ों दिलों पर राज करने वाले एक महान सिंगर और म्यूजिशियन का निधन हो गया है. 69 साल की उम्र में अंतिम सांस लेने वाले इस दिग्गज कलाकार के जाने से पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. लगभग 50 सालों तक संगीत की सेवा करने वाले इस लेजेंडरी सिंगर ने एक लंबी बीमारी के बाद दुनिया को अलविदा कह दिया.
69 की उम्र में निधन
पुर्तगाल के सबसे लोकप्रिय और दिग्गज सिंगर्स में शुमार लुईस रेप्रेसास (Luis Represas) का बुधवार की सुबह निधन हो गया है. वे 69 साल के थे और काफी लंबे समय से एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनकी मैनेजमेंट एजेंसी ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की है, जिसके बाद से म्यूजिक वर्ल्ड में शोक की लहर है.
ट्रॉवांटे बैंड से मिली पहचान
लुईस रेप्रेसास का जन्म 1956 में लिस्बन में हुआ था. उन्होंने बेहद छोटी उम्र से ही गाना शुरू कर दिया था. 1970 और 80 के दशक में उन्होंने ‘ट्रॉवांटे’ (Trovante) नाम का एक म्यूजिक बैंड बनाया और उसके मुख्य सिंगर बने. इस बैंड के गानों ने पुर्तगाली संगीत की पूरी दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया था.
सोलो करियर में दिए हिट्स
1990 के दशक में बैंड टूटने के बाद लुईस ने अकेले गाना जारी रखा और एक सफल सोलो करियर (Solo Career) बनाया. उन्होंने ‘फेटीसेरा’ जैसे कई कालजयी और सुपरहिट गाने दिए, जो आज भी लोगों के जुबां पर चढ़े हुए हैं. देश-विदेश के बड़े कलाकारों के साथ उनके काम को काफी सराहा गया.
देश का मिला सर्वोच्च सम्मान
संगीत और अपनी संस्कृति में दिए बहुत बड़े योगदान के लिए उन्हें साल 2005 में पुर्तगाल के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक ‘ऑर्डर ऑफ मेरिट’ (Order of Merit) से नवाजा गया था. इतनी बड़ी पहचान होने के बावजूद वे अपनी निजी जिंदगी को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते थे.
संगीत की दुनिया में पूरे होने वाले थे 50 साल
लुईस रेप्रेसास संगीत की दुनिया में अपने 50 साल पूरे करने वाले थे और इसके लिए 2027 में बड़े कॉन्सर्ट्स (Concerts) की तैयारी चल रही थी. हाल ही में उन्होंने बच्चों के लिए अपनी पहली किताब भी लिखी थी. उनके अचानक चले जाने से संगीत प्रेमियों के लिए एक कभी न पूरा होने वाला खालीपन आ गया है.