बॉलीवुड के जाने माने डायरेक्टर करण जौहर हमेशा ही किसी ना किसी कारण चर्चा में बने रहते हैं. वह कभी अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर, तो कभी अपनी फिल्मों को लेकर खबरों में छाए रहते हैं. इतना ही नहीं वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर ही कुछ न कुछ पोस्ट करते रहते हैं. हालांकि गुरुवार की शाम को करण जौहर ने कुछ ऐसा किया, जो कि खबर बन गई. दरअसल, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम से कई नामी हस्तियों को अनफॉलो कर दिया है, जिसके बाद अब डायरेक्टर ने खुद सफाई दी है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया है.
करण जौहर ने किया इन स्टार्स को अनफॉलो
दरअसल, करण जौहर के इंस्टाग्राम पर 17.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं और वह इंस्टाग्राम पर अक्सर ही अपनी लाइफ से जुड़ी चीजें, फोटोज,वीडियोज पोस्ट करते रहते हैं. इसके अलावा वह अपने डायरेक्शन या फिर धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनने वाली फिल्मों के बारे में भी वो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते रहते हैं. इतना ही नहीं करण जौहर के जहां करोड़ों फॉलोअर्स हैं, वहीं वो कुछ गिने चुने लोगों और सेलेब्स को फॉलो करते हैं. लेकिन गुरुवार के दिन उन्होंने अपने करीबी दोस्त शाहरुख खान, आलिया भट्ट, करीना कपूर, मनीष मल्होत्रा, अनन्या पांडे, कार्तिक आर्यन, को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया. जिसके बाद चारों ओर खबर फैल गई कि क्या करण जौहर की अपने इन करीबी दोस्तों के साथ कोई अनबन हुई है.
करीबी दोस्तों को अनफॉलो करने पर बोले करण जौहर
वहीं, करण जौहर ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को लेकर रिएक्ट करते हुए इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की है. जिसमें उन्होंने लिखा, “ये डिजिटल डिटॉक्स है. मैं इंस्टाग्राम पर अपना समय और ऊर्जा बचाने के लिए सबको अनफॉलो कर रही हूं. भगवान के लिए, ये नेशनल न्यूज तो नहीं बन सकता. प्लीज कुछ और सनसनीखेज खबर डालें! ये सब बेतुका है.

प्रियंका चोपड़ा को फॉलो कर रहे हैं करण जौहर
इस फॉलो अनफॉलो की खबरों के बीच बात करें तो वह अभी भी ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा को फॉलो कर रहे हैं और डायरेक्टर की फॉलोइंग लिस्ट अब सिर्फ 74 रह गई है. जिसमें प्रियंका चोपड़ा का नाम शामिल है. लेकिन उनकी सबसे चहेती कही जानी वाली आलिया भट्ट को उन्होंने अनफॉलो किया है. इसके अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा और वरुण धवन को भी उन्होंने अनफॉलो कर दिया है. जिसके कारण लोगों ने हैरानी जताई थी.
चांद मेरा दिल के निर्माता हैं करण जौहर
करण जौहर के काम को लेकर बात करें तो उनके धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म चांद मेरा दिल हाल ही में 22 मई को रिलीज हुई थी. फिल्म में अनन्या पांडे, लक्ष्य लालवानी लीड रोल में नजर आए. हालांकि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला है और इसने अभी तक 7 दिनों में सिर्फ 19 करोड़ से ज्यादा का भारत में कलेक्शन किया है.