संगीत प्रेमियों के सिए शॉकिंग खबर सामने आई है, जहां कुछ वक्त पहले सिंगर अरिजीत सिंह ने म्यूजिक से संन्यास लेने का ऐलान किया था, वहीं अब म्यूजिक कंपोजर और सिंगर अमाल मलिक ने भी अपने फैंस को चौंकाने वाला फैसला किया है. अमाल ने फिल्मी म्यूजिक से एक साल का ब्रेक लेने का ऐलान किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपने इस फैसले की वजह भी बताई है. साथ ही उन्होंने लोगों से एक खास अपील भी की है. आइए जानते हैं कि आखिर बात क्या है.
अमाल ने क्यों लिया ब्रेक?
अमाल ने लोगों से अपील की, कि उन्हें फिलहाल परेशान न किया जाए. इस पोस्ट के साथ उन्होंने अस्पताल के बेड से अपनी एक तस्वीर भी शेयर की, जिसके बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर परेशान हैं. दरअसल, अमाल मलिक ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि इस समय उन्हें अपने मन, शरीर और आत्मा के साथ-साथ अपनी शारीरिक सेहत पर ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि वह फिलहाल वही करना चाहते हैं, जो उनके दिल और सेहत के लिए बेहतर है.

अमाल ने पोस्ट में कही ये बात
अमाल ने लिखा कि उन्हें खुद को बेहतर करने के लिए एक ब्रेक की जरूरत है, ताकि वह जल्द ही नई ऊर्जा और धुनों से भरे दिल के साथ वापसी कर सकें. उन्होंने अपने फैंस को भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही वापस लौटेंगे.
अगले साल तक नहीं आएगा नया फिल्मी म्यूजिक
अमाल ने यह भी साफ कर दिया कि अगले साल तक उनका कोई नया फिल्मी म्यूजिक रिलीज नहीं होगा. हालांकि, उनके कुछ पुराने रिकॉर्ड किए हुए गाने आने वाले समय में रिलीज हो सकते हैं. उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ छोटे बजट की फिल्में हैं, जिन्हें अच्छे इरादे से बनाया गया है, लेकिन ऐसी फिल्मों को आसानी से स्क्रीन नहीं मिलती. इसलिए उनकी रिलीज को लेकर कुछ भी निश्चित नहीं कहा जा सकता.

अमाल की लोगों से खास अपील
अमाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में बार-बार परेशान न किया जाए. जैसे ही उनके पास कोई जानकारी होगी, वह खुद अपने फैंस के साथ इसे शेयर करेंगे.
‘अब मुझे विदा करो, मैं वापस आऊंगा’
अमाल ने अपनी पोस्ट के आखिर में बेहद भावुक अंदाज में लिखा कि म्यूजिक से सिनेमा तक का उनका सफर उन्हें बहुत दूर तक ले आया है, लेकिन अब वह फिर से संगीत की ओर लौट रहे हैं. उन्होंने फैंस से कहा, ‘अब मुझे विदा करो, मैं वापस आऊंगा.’

अस्पताल की तस्वीर ने बढ़ाई चिंता
अमाल ने अपनी पोस्ट के साथ अस्पताल के बेड पर लेटे हुए अपनी एक तस्वीर भी शेयर की है. इसे देखने के बाद उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर परेशान हो गए. हालांकि, अमाल ने अपनी पोस्ट में कहा है कि वह अपनी सेहत और खुद की बेहतरी पर ध्यान देना चाहते हैं.
इसी साल अरिजीत सिंह ने लिया संन्यास
बता दें,कि इसी साल अरिजीत सिंह ने भी प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान कर फैंस को हैरान कर दिया था. वहीं, अमाल मलिक इन दिनों ‘आवारापन 2’ के गाने ‘ये आवारापन’ को लेकर भी चर्चा में हैं. इस गाने को अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है.