Amitabh Bachchan on FIFA World Cup 2026: बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन उन एक्टर्स की लिस्ट में शुमार हैं, जो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. अमिताभ बच्चन ने अपने विचार और दिल की बात फैंस तक पहुंचाने के लिए ब्लॉग का सहारा लिया है. हाल ही में उन्होंने अपना एक नया ब्लॉग शेयर किया है, जिसमें बिग बी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हुए कुछ गलत फैसलों पर अपनी नराजगी जाहिर की है. इसके साथ ही उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर को लेकर लिखा कि वो उन सभी युवाओं के बारे में सोच रहे हैं जिन्हें अपने देश के लिए खेलने का मौका मिला है.
गलत फैसला लिया…
अपने ब्लॉग की शुरुआत में अभिनेता ने लिखा, ‘समय की अवधारणा और समय का क्रम गड़बड़ा गया है. जाहिर है कि इसका कारण फीफा वर्ल्ड कप 2026 है. समय अजीब है, जिससे हमारा दिन और भी बदतर हो जाता है, लेकिन फिर भी हम देखते हैं. हम खुश होते हैं, हमें खेद होता है और हम बड़े दुख के साथ देखते हैं कि एक के लिए गलत फैसला लिया जा रहा है और दूसरे के लिए नहीं. हम उन देशों की जीत पर एक्साइटेड होते हैं जिनके बारे में हमने कभी सोचा भी नहीं था कि वो वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचेंगे.’
T 5799 – cheating and cribbing galore !!!
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) July 12, 2026
देशों को बड़े अफसोस…
अभिनेता ने आगे लिखा, ‘ज्यादातर फेमस और पॉपुलर फुटबॉल देशों को बड़े अफसोस के साथ हार का सामना करना पड़ा; यह सरप्राइजिंग है. लेकिन इस बात से खुशी है कि जिन देशों से हमने कभी उम्मीद नहीं की थी, उन्होंने भी कड़ी टक्कर दी और पहचान हासिल की. लोग हमेशा कहते हैं, ‘जो बेस्ट टीम हो वही जीते’, लेकिन फैसला आने तक हमें पता नहीं चलता कि बेस्ट टीम कौन है.’ उन्होंने आगे कहा कि अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले कई खिलाड़ी पहले भी कई मैच और चैंपियनशिप में एक साथ खेल चुके हैं, जिससे वे एक-दूसरे की खूबियों और स्पोर्ट के स्कील से अच्छी तरह वाकिफ हैं.