दिवाली का त्योहार हो और बॉलीवुड सितारों की पार्टी की चर्चा न हो, ऐसा कैसे हो सकता है. इन दिनों फिल्मी गलियारों में दिवाली सेलिब्रेशन की धूम है. इसी बीच फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के घर आयोजित दिवाली पार्टी में कई बड़े सितारों ने शिरकत की, लेकिन इस पार्टी की सबसे ज्यादा लाइमलाइट ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन ने बटोरी. दोनों को साथ देखकर फैंस भी खुशी से झूम उठे. खास बात यह रही कि कपल के बीच शानदार बॉन्डिंग देखने को मिली.
हाथों में हाथ डालकर पहुंचे ऐश्वर्या-अभिषेक
मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में ऐश्वर्या और अभिषेक ने साथ एंट्री की. दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आए. कैमरों के सामने पोज देते समय भी उनकी केमिस्ट्री देखते ही बन रही थी कभी ऐश्वर्या अभिषेक के करीब खड़ी दिखीं तो कभी उनकी बाहों में आकर खिलखिलाते हुए तस्वीरें खिंचवाती नजर आईं. दोनों के चेहरे की मुस्कान ने फैंस का दिल जीत लिया.

सुर्ख लाल साड़ी में पहुंची ऐश्वर्या ने लूटी महफिल
लुक की बात करें तो ऐश्वर्या लाल रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आईं. सुनहरी कारीगरी वाली साड़ी, लाल लिपस्टिक और उनका ट्रेडिशनल अंदाज काफी शानदार लग रहा था. वहीं अभिषेक बच्चन ने ब्लैक शेरवानी में अपना क्लासी अंदाज दिखाया. दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं.

2007 में हुई थी ऐश्वर्या-अभिषेक की शादी
ऐश्वर्या और अभिषेक की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. दोनों की नजदीकियां फिल्मों में साथ काम करने के दौरान बढ़ीं. फिल्म ‘गुरु’ के समय उनके रिश्ते की खूब चर्चा हुई थी. इसके बाद 20 अप्रैल 2007 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए. नवंबर 2011 में उनके घर बेटी आराध्या का जन्म हुआ.
रिश्ते में अनबन की खबरों के बीच चर्चा में आया कपल
पिछले काफी समय से ऐश्वर्या और अभिषेक के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. दोनों के अलग-अलग कार्यक्रमों में नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर तलाक तक की चर्चाएं होने लगी थीं. हालांकि कपल ने कभी इन खबरों पर खुलकर कोई रिएक्शन नहीं दिया. ऐसे में दिवाली पार्टी में दोनों का एक साथ हंसना-मुस्कुराना और एक-दूसरे के करीब नजर आना फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं रहा. सोशल मीडिया पर लोग उनकी जोड़ी की तारीफ कर रहे हैं.

फिल्मों में भी एक्टिव हैं दोनों
वर्कफ्रंट की बात करें तो ऐश्वर्या आखिरी बार ‘पोन्नियिन सेल्वन: पार्ट 2’ में नजर आई थीं. वहीं अभिषेक बच्चन ‘आई वांट टू टॉक’, ‘बी हैप्पी’ और ‘हाउसफुल 5’ जैसी फिल्मों में दिखाई दिए. अब फैंस को उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ का इंतजार है.