Gaurav Khanna Eliminated From Khatron Ke Khiladi 15: टीवी के पॉपुलर एक्टर गौरव खन्ना इन दिनों पॉपुलर स्टंट रिएलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में भी नजर आ रहे हैं, लेकिन ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में अब गौरव खन्ना का सफर दुखद अंत के साथ खत्म हो गया है. दरअसल, रोहित शेट्टी के शो में एक से बढ़कर एक स्टंट करने वाले गौरव एलिमिनेशन टास्क के दौरान कोहनी में चोट लगने की वजह से ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से बाहर हो गए हैं. टास्क के दौरान लगी चोट के कारण उन्हें काफी दर्द हुआ, जिसकी वजह से वो अपना स्टंट पूरा नहीं कर पाए और उन्हें शो से बाहर होना पड़ा. चलिए आपको पूरा माजरा समझाते हैं.
एलिमिनेशन टास्क में गौरव को लगी चोट
दरअसल, शो के एलिमिनेशन टास्क में गौरव का मुकाबला शगुन शर्मा और रुबीना दिलैक से था. इस स्टंट में कंटेस्टेंट को दो संकरे पुलों के बीच से कूदना था. इनमें से एक पुल घूम रहा था. इस दौरान सभी कंटेस्टेंट को साथ ही अलग-अलग कलर के झंडे इकट्ठा करने थे. ये पुल पानी से काफी ऊपर था. इसके अलावा, यहां सुरक्षा के लिए कोई सेफ्टी इक्विपमेंट नहीं था. शगुन ने सबसे पहले इस चैलेंज को एक्सेप्ट किया और 6 झंडे इकट्ठा किए. वहीं, रुबीना ने 5 झंडे कलेक्ट किए. आखिर में गौरव ने टास्क शुरू किया. लेकिन पुल पर गौरव का बैलेंस बिगड़ गया और वह पानी में गिर गए. सीढ़ी से वापस चढ़ने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनकी कोहनी में चोट लग गई और दर्द इतना बढ़ गया कि वो आगे जा ही नहीं पाए.

‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से बाहर हुए गौरव
टाक्स खत्म होने के बाद रोहित शेट्टी ने बताया कि गौरव पहले से ही टेनिस एल्बो की समस्या से जूझ रहे थे. इस स्टंट के दौरान उनकी ये परेशानी और ज्यादा बढ़ गई. इस चोट की वजह से उनका टास्क पूरा नहीं हो पाया. इसकी वजह से गौरव को शो से बाहर होना पड़ रहा है. शो को अलविदा कहते हुए गौरव भावुक हो गए. जाने से पहले उन्होंने कहा कि फरहाना भट्ट, हर्ष गुजराल और ओरी के साथ ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के दौरान उनकी सबसे अच्छी दोस्ती हो गई थी.