Exclusive: टीवी के सबसे चर्चित क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ यानी KBC को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. E24 बॉलीवुड से बातचीत में सोनी की तरफ से साफ किया गया है कि इस हफ्ते शो की शूटिंग नहीं होगी और दर्शकों को नए एपिसोड की जगह पुराने एपिसोड देखने को मिलेंगे. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर अचानक शूटिंग रोकने की नौबत क्यों आई? क्या अमिताभ बच्चन की तबीयत और उनके घर की सुरक्षा को लेकर सामने आई घटनाओं का इससे कोई संबंध है?
इस हफ्ते नहीं होगी KBC की शूटिंग
KBC को लेकर सोनी की तरफ से साफ किया गया है कि इस हफ्ते शो की शूटिंग नहीं होगी. इसका मतलब है कि दर्शकों को फिलहाल नए एपिसोड देखने को नहीं मिलेंगे. उनकी जगह पुराने एपिसोड यानी रिपीट टेलीकास्ट दिखाए जाएंगे. KBC का हर एपिसोड अमिताभ बच्चन के साथ दर्शकों के लिए खास होता है. ऐसे में नए एपिसोड का नहीं आना उन लोगों को थोड़ा निराश कर सकता है, जो हर हफ्ते अपने पसंदीदा शो का इंतजार करते हैं. हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि शूटिंग का यह ब्रेक कितने समय तक रहेगा.
अमिताभ बच्चन की तबीयत भी चर्चा में रही
अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर भी काफी चर्चाएं हैं. दरअसल, कुछ समय पहले KBC की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके घुटने में चोट लग गई थी. इसके बाद उन्होंने शो में खुद बताया था कि उन्हें खड़े होने में थोड़ी परेशानी हो रही है. इतना ही नहीं, अक्टूबर में उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी है. उन्होंने अपने चाहने वालों से भी माफी मांगी थी कि वह कुछ दिनों तक लिख नहीं पाएंगे. हालांकि, इस हफ्ते की शूटिंग रुकने की वजह उनकी सेहत ही है, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
अमिताभ बच्चन के घर को मिली धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा
अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर भी पिछले दिनों बड़ी खबर सामने आई. दरअसल, मुंबई की मेयर रितु तावड़े के कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित घर जलसा को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी. ईमेल में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच उनके घर पर हमले की बात कही गई थी. इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और सुरक्षा बढ़ा दी गई. 1 नवंबर को जब अमिताभ बच्चन अपने घर के बाहर फैंस से मिलने पहुंचे, तो वह बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे नजर आए. उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद थे.
पहले भी KBC पर दिखाए जा चुके हैं पुराने एपिसोड
इससे पहले साल 2006 में भी शो पर पुराने एपिसोड दिखाने की नौबत आ गई थी. उस समय अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब होने के कारण शो की शूटिंग प्रभावित हुई थी. नए एपिसोड का स्टॉक खत्म होने के बाद चैनल ने 20 फरवरी 2006 से KBC-2 के पुराने और दोबारा एडिट किए गए एपिसोड दिखाने का फैसला किया था. उस समय चैनल ने कहा था कि नए एपिसोड आने तक दर्शकों को शुक्रवार और शनिवार को पुराने एपिसोड दिखाए जाएंगे.
क्या इन घटनाओं का शूटिंग रुकने से है कोई संबंध?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस हफ्ते KBC की शूटिंग क्यों नहीं होगी? एक तरफ अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर खबरें सामने आई हैं, तो दूसरी तरफ उनके घर को मिली धमकी और सुरक्षा बढ़ाए जाने की चर्चा भी हो रही है. इन सबके बीच शो की शूटिंग रुकने की खबर ने दर्शकों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, इन घटनाओं को शूटिंग रुकने की वजह मानना अभी सही नहीं होगा, क्योंकि सोनी या फिर अमिताभ बच्चन की तरफ से ऐसा कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है. फिलहाल दर्शकों को पुराने एपिसोड से ही काम चलाना होगा और नए एपिसोड का इंतजार करना होगा.